एशियाई पैरा खेल में हिमांशु ने तैराकी में जीता कांस्य, शीतल और पायल की नजरें स्वर्ण पदक पर

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई पैरा खेल में हिमांशु ने तैराकी में जीता कांस्य, शीतल और पायल की नजरें स्वर्ण पदक पर


आइची-नागोया , 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पैरा तैराक हिमांशु नंदल ने एशियाई पैरा खेल-2026 में पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस-11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया। पैरा तीरंदाजी में शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी ने महिला कंपाउंड युगल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाकर भारत का एक और पदक पक्का कर दिया है।

हिमांशु ने चार तैराकों के फाइनल में 5 मिनट 10.91 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। जापान के उचू तोमिता ने रजत और चीन के सुन चुआनझेन ने स्वर्ण पदक जीता। सुन ने इस दौरान एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। हिमांशु का कांस्य इस संस्करण में पैरा तैराकी में भारत का दूसरा पदक है। इस स्पर्धा में भारत के रवि कार्तिक बुडिगिना 5 मिनट 41.70 सेकंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहे। रवि इससे पहले पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस-13 स्पर्धा में रजत पदक जीत चुके हैं।

शीतल-पायल की जोड़ी स्वर्ण पदक से एक कदम दूर

पैरा तीरंदाजी की महिला कंपाउंड युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में शीतल देवी और पायल नाग ने थाईलैंड की फन्निबा स्राथोंगमाएव और वासना खुथाविसाप की जोड़ी को 151-135 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब भारतीय जोड़ी 21 अक्टूबर को सुबह 5 बजकर 55 मिनट (भारतीय समयानुसार) से होने वाले स्वर्ण पदक मुकाबले में चीन की जोड़ी से भिड़ेगी। भारतीय जोड़ी की इस जीत के साथ देश का एक और पदक सुनिश्चित हो गया है। अब शीतल और पायल की नजरें स्वर्ण पदक पर होंगी।

निशानेबाजी में सृष्टि और मनीष ने भी दिलाए पदक

इससे पहले भारतीय निशानेबाज सृष्टि अरोड़ा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने फाइनल में 214.7 अंक हासिल किए। ईरान की फाएजेह अहमदी ने 237.3 अंकों के साथ स्वर्ण और सारा जावानमर्दी ने 237.0 अंकों के साथ रजत पदक जीता।

मनीष नरवाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा में 233.7 अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया के जो जियोंगदू ने 241.3 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन के यांग चाओ को कांस्य पदक मिला।

इन उपलब्धियों के साथ भारत की पदक संख्या 24 हो गई है। भारतीय दल के खाते में अब तक पांच स्वर्ण, आठ रजत और 11 कांस्य पदक हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763928 Articles

Share this story