दीप्ति जीवनजी ने एशियाई पैरा खेलों में जीता स्वर्ण, 400 मीटर दौड़ में बनाया नया खेल रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
दीप्ति जीवनजी ने एशियाई पैरा खेलों में जीता स्वर्ण, 400 मीटर दौड़ में बनाया नया खेल रिकॉर्ड


आइची-नागोया, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की पैरा एथलीट दीप्ति जीवनजी ने एशियाई पैरा खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने 56.36 सेकंड का समय निकालकर नया खेल रिकॉर्ड बनाया। यह भारत का पांचवां स्वर्ण पदक और प्रतियोगिता के दूसरे दिन का पहला स्वर्ण रहा।

पेरिस पैरालंपिक-2024 की कांस्य पदक विजेता दीप्ति ने दौड़ में शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। जापान की नीना कान्नो 58.92 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और उन्हें रजत पदक मिला। दीप्ति ने उनसे दो सेकंड से भी अधिक समय पहले दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

दीप्ति ने इस प्रदर्शन के साथ अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव भी किया। उन्होंने 2022 में 56.59 सेकंड का समय निकाला था, जबकि इस बार 56.36 सेकंड में दौड़ पूरी की। इस तरह उन्होंने अपने पिछले समय में 0.23 सेकंड का सुधार किया।

तेलंगाना के वारंगल की रहने वाली दीप्ति खेलो इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण की प्रशिक्षण व्यवस्था से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रही हैं। उन्हें 15 वर्ष की उम्र में भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षक एन. रमेश ने राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दौरान पहचाना था। इसके बाद उन्होंने दीप्ति को प्रशिक्षण देना शुरू किया।

दीप्ति ने 2019 में हांगकांग में आयोजित एशियाई युवा चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने खेलो इंडिया युवा खेल-2020 में 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीते। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय पैरा एथलेटिक्स में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

दीप्ति की प्रमुख उपलब्धियों में 2023 के एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण पदक, 2024 की विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रदर्शन शामिल है। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक-2024 में कांस्य और 2025 की विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक भी जीता था। अब एशियाई पैरा खेल-2026 में नए खेल रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763738 Articles

Share this story