श्रीलंकाई सलामी बल्लेबाज पाथुम निसंका पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीलंकाई सलामी बल्लेबाज पाथुम निसंका पाकिस्तान में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। वे अपने बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। निसंका को शुरुआती 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन शर्त यह थी कि वे तभी यात्रा कर सकेंगे, जब उन्हें मेडिकल रूप से फिट घोषित किया जाएगा। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट के एक बयान से पुष्टि हुई है कि वे सीरीज शुरू होने तक फिट नहीं हो पाए हैं।
निसंका को सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ श्रीलंका के व्हाइट-बॉल दौरे के दौरान चोट लगी थी, जिसके कारण वे पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज से भी बाहर हो गए थे। उन्हें चल रही एकदिनी ट्राई-सीरीज के लिए भी टीम में एक 'शर्त के साथ' (कंडीशनल पिक के तौर पर) शामिल किया गया था, लेकिन फिटनेस टेस्ट पास न कर पाने के कारण उन्हें वहां से भी बाहर होना पड़ा। इस ताजा झटके के कारण निसंका की टेस्ट क्रिकेट में वापसी और टल गई है। इससे पहले अगस्त में कलाई की चोट के कारण वे भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज भी नहीं खेल पाए थे।
टेस्ट सीरीज के लिए निसंका की जगह ओपनर लाहिरू उदारा को टीम में शामिल किया गया है। उदारा पहले से ही वनडे टीम के साथ पाकिस्तान में मौजूद हैं; उन्हें ट्राई-सीरीज के लिए भी निसंका के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना गया था। उन्होंने अब तक पांच टेस्ट मैच खेले हैं। वे इस फॉर्मेट में श्रीलंका की पिछली दो सीरीज वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ का हिस्सा थे, जिसमें उन्होंने एंटीगा में वेस्टइंडीज के खिलाफ 188 रन बनाए थे।
पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका की अपडेटेड टीम: कुसल मेंडिस (कप्तान), पासिंदु सूरियाबंदारा, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, सोनल दिनुशा, धनंजय डी सिल्वा, अंजाला बंदारा, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रत्नायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, एशान मलिंगा, लाहिरू उदारा।
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे, जो मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा हैं। ये मैच रावलपिंडी (9-13 नवंबर) और लाहौर (17-21 नवंबर) में होंगे। नए कप्तान कुसल मेंडिस के नेतृत्व में, इस फॉर्मेट में श्रीलंका की यह पहली सीरीज होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

