लॉस एंजेलिस ओलंपिक-2028 के चयन मानदंड 15 जुलाई तक जारी करें राष्ट्रीय खेल महासंघ : खेल मंत्रालय

WhatsApp Channel Join Now
लॉस एंजेलिस ओलंपिक-2028 के चयन मानदंड 15 जुलाई तक जारी करें राष्ट्रीय खेल महासंघ : खेल मंत्रालय


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने गुरुवार को ओलंपिक खेलों से जुड़े सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघों को निर्देश दिया है कि वे लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए खिलाड़ियों की योग्यता चयन प्रक्रिया और चयन मानदंड को 15 जुलाई तक अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित करें।

मंत्रालय ने कहा है कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल, पैरा एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल जैसे बड़े आयोजनों के लिए चयन नीति और मानदंड संबंधित खेलों के शुरू होने से कम-से-कम दो वर्ष पहले सार्वजनिक किए जाने चाहिए। खेल मंत्रालय ने सभी महासंघों से कहा है कि चयन नीति, योग्यता का रास्ता और खिलाड़ियों के चयन की पूरी प्रक्रिया को अपनी वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ-साथ इसे अपने सदस्य राज्य संघों और भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ भी साझा करें। लॉस एंजेलिस ओलंपिक का आयोजन 14 जुलाई से 30 जुलाई 2028 तक होगा।

अंतरराष्ट्रीय महासंघ जारी कर चुके हैं क्वालिफिकेशन नियम

मंत्रालय ने बताया कि लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए विभिन्न खेलों के क्वालिफिकेशन पाथवे संबंधित अंतरराष्ट्रीय महासंघ पहले ही जारी कर चुके हैं। इन्हीं दिशानिर्देशों के आधार पर भारतीय राष्ट्रीय खेल महासंघों को अपनी चयन प्रक्रिया तय करनी होगी। सभी महासंघों को निर्देश दिया गया है कि वे 15 जुलाई 2026 तक यह जानकारी सार्वजनिक करें और अपने सभी संबद्ध राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश संघों तक भी पहुंचाएं।

पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की पहल

खेल मंत्रालय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है, ताकि सभी खिलाड़ियों और संबंधित हितधारकों को समय रहते चयन प्रक्रिया, योग्यता मानदंड और नियमों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story