वर्ल्ड रिकॉर्डधारी शूटर अभिनव साव को बंगाल सरकार ने किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
वर्ल्ड रिकॉर्डधारी शूटर अभिनव साव को बंगाल सरकार ने किया सम्मानित


वर्ल्ड रिकॉर्डधारी शूटर अभिनव साव को बंगाल सरकार ने किया सम्मानित


कोलकाता, 15 जुलाई (हि.स.)।

जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में विश्व रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचने वाले आसनसोल के युवा शूटर अभिनव साव को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से सम्मानित किया गया है। बुधवार को राज्य के खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खां ने कोलकाता स्थित न्यू सेक्रेटेरिएट कार्यालय में उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर अभिनव के माता-पिता भी मौजूद रहे।

सम्मान समारोह में मंत्री डॉ. खां ने अभिनव की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि अभिनव बंगाल ही नहीं, पूरे देश का गौरव हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार अभिनव के ओलंपिक पदक जीतने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

अभिनव साव ने जर्मनी के सुहल में आयोजित 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में अपनी जोड़ीदार सांभवी के साथ 505.8 अंक हासिल कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले इस स्पर्धा का विश्व रिकॉर्ड 499.9 अंक था। शूटिंग जैसे अत्यंत प्रतिस्पर्धी खेल में लगभग छह अंकों के अंतर से रिकॉर्ड तोड़ना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

यह अभिनव का 17वां अंतरराष्ट्रीय पदक है। वह वर्ष 2022 से भारतीय शूटिंग टीम का हिस्सा हैं। महज 10 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियन बनने वाले अभिनव ने 14 वर्ष की आयु में जर्मनी के सुहल में ही अपना पहला अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। इसके बाद से वह जूनियर विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई चैंपियनशिप में लगातार देश के लिए पदक जीतते आ रहे हैं।

वर्ष 2025 में कजाकिस्तान में आयोजित एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री की ओर से भी बधाई मिली थी।

सम्मान समारोह के दौरान अभिनव साव ने मंत्री डॉ. इंद्रनील खां का आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि अभिनव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और उनका विश्व रिकॉर्ड भारतीय खेल जगत के लिए गर्व का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Share this story