केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 29 से 31 मई तक शिलांग दौरे पर रहेंगे

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 29 से 31 मई तक शिलांग दौरे पर रहेंगे


नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 29 से 31 मई तक मेघालय की राजधानी शिलांग के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे युवा मामलों, खेल अवसंरचना विकास और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

दौरे के दौरान डॉ. मांडविया युवा कार्य विभाग द्वारा आयोजित चिंतन शिविर में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर मेघालय के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री शाकलियर वारजरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

30 मई को केंद्रीय मंत्री मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के साथ शिलांग में एकीकृत बहुउद्देश्यीय इंडोर खेल परिसर का उद्घाटन करेंगे। लगभग 132.9 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह आधुनिक खेल परिसर बास्केटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल सहित कई इंडोर खेलों की मेजबानी करने में सक्षम होगा।

यह परिसर राष्ट्रीय खेलों के प्रमुख स्थलों में से एक के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें बहुउद्देश्यीय हॉल, सभागार, बैंक्वेट सुविधाएं और अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं भी शामिल होंगी।

इसी दौरान 39वें राष्ट्रीय खेल 2027 के लिए मेघालय के साथ मेजबान राज्य अनुबंध पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। यह कार्यक्रम भारतीय ओलंपिक संघ के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में आयोजित होगा।

डॉ. मांडविया 39वें राष्ट्रीय खेल 2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। बैठक में मेघालय सरकार के अधिकारियों और पूर्वोत्तर राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा और प्रस्तुतियां होंगी।

अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री शिलांग स्थित उमसावली खेल परिसर का निरीक्षण भी करेंगे। वे यहां तैराकी और टेनिस सुविधाओं सहित राज्य में चल रहे खेल अवसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

31 मई को डॉ. मांडविया पूर्वोत्तर संपर्क सेतु पहल के अंतर्गत मेघालय के री-भोई जिले में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story