हर घर तिरंगा रैली में बोले खेल मंत्री, फिटनेस के साथ प्रदूषण और ट्रैफिक का भी समाधान है साइकिल

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा रैली में बोले खेल मंत्री, फिटनेस के साथ प्रदूषण और ट्रैफिक का भी समाधान है साइकिल


नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बुधवार को दिल्ली में ‘हर घर तिरंगा’ साइकिल रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि प्रदूषण और यातायात जैसी समस्याओं से निपटने में भी मददगार हो सकता है।

दिल्ली विश्वविद्यालय से आयोजित इस रैली में 1,000 से अधिक मायभारत स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।

रैली के दौरान पत्रकारों से बातचीत में डॉ. मांडविया ने कहा, “दिल्ली में 1,000 से अधिक मायभारत स्वयंसेवकों ने हर घर तिरंगा साइकिल रैली के माध्यम से देश को फिटनेस का संदेश दिया है। किसी भी देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए यह बेहद जरूरी है कि देश के नागरिक स्वस्थ रहें।”

उन्होंने साइकिल चलाने के व्यापक लाभों पर जोर देते हुए कहा, “साइकिल फिटनेस का संदेश है, साइकिल प्रदूषण का समाधान है और साइकिल यातायात की समस्या का भी समाधान है।”

स्वतंत्रता दिवस के आसपास आयोजित कार्यक्रमों के तहत डॉ. मांडविया ने मायभारत स्वयंसेवकों के साथ ‘हर घर तिरंगा’ रैली में भी हिस्सा लिया।

इससे पहले सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राओं और तिरंगा रैलियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की थी। उन्होंने इसे भारत की सामूहिक शक्ति का प्रतीक बताते हुए विकसित भारत के निर्माण के संकल्प से जोड़ने का आह्वान किया।

अमित शाह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया हर घर तिरंगा अभियान हमारे राष्ट्र की सामूहिक शक्ति का प्रतिबिंब है। यह हमें विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में एकजुट करता है। इस वर्ष यह अभियान वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर से जुड़ा है, जिससे हर देशभक्त के लिए इसका महत्व और बढ़ गया है।”

उन्होंने नागरिकों से तिरंगा यात्राओं, तिरंगा रैलियों और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन में भाग लेने के साथ घरों पर तिरंगा फहराने और हर घर तिरंगा वेबसाइट पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अगस्त को नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराने का आह्वान किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा था कि तिरंगा देश का गौरव और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की निरंतर प्रेरणा है।

उन्होंने इस वर्ष के अभियान को वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित किए जाने पर भी खुशी जताई थी।

2022 में शुरू हुआ था हर घर तिरंगा अभियान

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत वर्ष 2022 में शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब हर स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय परंपरा बन चुका है। इसके तहत करोड़ों नागरिक स्वेच्छा से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं।

इस वर्ष अभियान का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि यह वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के साथ आयोजित किया जा रहा है।

देशभर में हर घर तिरंगा कार्यक्रमों के दौरान वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी प्रमुख हिस्सा होगा।

नागरिकों को राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की सही धुन और प्रस्तुति सीखने में मदद के लिए संस्कृति मंत्रालय ने पांच चरणों वाला ऑनलाइन ट्यूटोरियल तैयार किया है। यह ट्यूटोरियल समर्पित वेबसाइट और हर घर तिरंगा पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा।

इस वर्ष तिरंगे के साथ सेल्फी लेने की सुविधा में वंदे मातरम् के बोल और उसकी धुन को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा हर घर तिरंगा प्रदर्शनियों में राष्ट्रगीत के इतिहास को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story