रेलवे की पुरुष और महाराष्ट्र की महिला टीम ने जीता 58वें सीनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप का खिताब

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली/काजीपेट (तेलंगाना), 15 जनवरी (हि.स.)। काजीपेट में आयोजित 58वीं सीनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप के रोमांचक फाइनल मुकाबलों में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) ने पुरुष वर्ग का जबकि महाराष्ट्र ने महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया। रेलवे की पुरुष टीम ने लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, वहीं महाराष्ट्र की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार पांचवीं बार राष्ट्रीय खिताब जीता।

महिला वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र ने ओडिशा को बेहद करीबी मुकाबले में 23-22 से हराया। वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में रेलवे ने महाराष्ट्र को 26-21 से पराजित करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। दोनों ही मुकाबलों में दर्शकों को आखिरी क्षण तक रोमांच देखने को मिला।

उल्लेखनीय है कि रेलवे (पुरुष) और महाराष्ट्र (महिला) ने इससे पहले 31 मार्च से 4 अप्रैल 2025 तक पुरी (ओडिशा) में आयोजित 57वीं सीनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में भी खिताब जीते थे। इस बार भी ओडिशा (महिला) और महाराष्ट्र (पुरुष) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

महिला फाइनल में महाराष्ट्र की डिफेंस रणनीति बेहद मजबूत रही। संध्या सुरवसे ने 2 मिनट 30 सेकंड तक मैट पर टिककर उत्कृष्ट रक्षात्मक प्रदर्शन किया, जबकि खो-खो वर्ल्ड कप की कप्तान प्रियंका इंगले ने 2 मिनट तक डिफेंस संभाला और आक्रमण में कुल 10 अंक अर्जित किए। ओडिशा की अर्चना प्रधान ने भी शानदार डिफेंसिव मूव्स से मुकाबले को कड़ा बनाए रखा।

पुरुष फाइनल में महाराष्ट्र के प्रतीक वाइकर ने 1 मिनट 55 सेकंड तक मैट पर टिककर प्रभावशाली डिफेंस दिखाया, जबकि रेलवे के अभिनंदन पाटिल ने आक्रमण में निर्णायक भूमिका निभाई।

चैंपियनशिप के व्यक्तिगत पुरस्कारों में पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र के प्रतीक वाइकर को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर और रेलवे के अभिनंदन पाटिल को सर्वश्रेष्ठ अटैकर चुना गया। महिला वर्ग में ओडिशा की अर्चना प्रधान को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर और महाराष्ट्र की प्रियंका इंगले को सर्वश्रेष्ठ अटैकर का पुरस्कार मिला।

भारतीय रेलवे के रामजी कश्यप को प्रतिष्ठित एकलव्य पुरस्कार, जबकि ओडिशा की संध्या सुरवसे को रानी लक्ष्मी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दोनों खिलाड़ियों को अपने-अपने वर्ग में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर भी घोषित किया गया।

खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने कहा, “तेलंगाना में आयोजित 58वीं सीनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप ने संगठन, भागीदारी और खेल स्तर—हर दृष्टि से एक नया मानक स्थापित किया है। दर्शकों में ऊर्जा और उत्साह अभूतपूर्व रहा और खो-खो ने एक आधुनिक, हाई-वोल्टेज खेल के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है।”

केकेएफआई के महासचिव उपकार सिंह विरक ने कहा,“देश के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संस्थानों की व्यापक भागीदारी के साथ यह चैंपियनशिप वास्तव में यादगार रही। सभी टीमों, खिलाड़ियों और अधिकारियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई।”

केकेएफआई के चेयरमैन (ऑर्गनाइजेशन एंड एडमिनिस्ट्रेशन) डॉ. एम.एस. त्यागी ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन खो-खो की बढ़ती लोकप्रियता और प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

तेलंगाना खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष जांगा राघव रेड्डी ने कहा,“58वीं सीनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप की मेजबानी करना हमारे लिए सम्मान की बात है। यह आयोजन तेलंगाना में इस खेल के निरंतर विकास को दर्शाता है।”

11 से 15 जनवरी तक आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में देशभर की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में कोल्हापुर ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने तीसरा स्थान प्राप्त कर पिछले सीनियर नेशनल के अपने प्रदर्शन को दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story