'गर्व है' एथलीट तरुण शर्मा ने शारजाह में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण

WhatsApp Channel Join Now
'गर्व है' एथलीट तरुण शर्मा ने शारजाह में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण


'गर्व है' एथलीट तरुण शर्मा ने शारजाह में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण


अहमदाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। बचपन में पूर्ण पक्षाघात का शिकार हुए तरुण शर्मा ने संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की ‘गर्व है’ पहल से जुड़े पैरा कराटे खिलाड़ी तरुण ने संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में आयोजित बुडोकान कराटे कप अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 15 नवंबर को हुई प्रतियोगिता की के-21 श्रेणी में यह उपलब्धि हासिल की। इस चैंपियनशिप में 28 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

छह वर्ष की उम्र में तरुण पूरी तरह पक्षाघात से ग्रस्त हो गए थे। उस समय वह न तो खुद बैठ सकते थे और न ही चलने-फिरने या भोजन करने में सक्षम थे। आज 35 वर्ष की उम्र में वह विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज हैं। एशियाई, राष्ट्रमंडल और राष्ट्रीय रैंकिंग में उनका पहला स्थान है।

तरुण का अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने 2019 में विश्व कराटे चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद 2022 में एशियाई पैरा कराटे चैंपियनशिप में रजत और 2023 में कांस्य पदक हासिल किया। वर्ष 2024 में उन्होंने राष्ट्रमंडल कराटे चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते। 2025 में एशियाई पैरा कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2026 में रजत पदक अपने नाम किया। इसी वर्ष उन्होंने राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के साथ पंजाब राज्य और केआईओ राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता।

तरुण ने कहा कि ‘गर्व है’ की जर्सी में शारजाह में स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए खास पल है। बचपन में कराटे ने उन्हें नई जिंदगी दी और अब वह चाहते हैं कि दूसरे बच्चे भी इस खेल के माध्यम से आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के अवसर हासिल करें। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के सहयोग से प्रतियोगिताओं में आने-जाने और जरूरी खेल उपकरण जुटाने की चुनौतियां कम हुई हैं। इससे उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली है।

पंजाब के रहने वाले तरुण अब अपनी उपलब्धियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। वह लुधियाना में 1400 से अधिक वंचित लड़कियों को निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनका उद्देश्य लड़कियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपनी सुरक्षा करने के लिए सक्षम बनाना है।

तरुण अब एक ऐसी कराटे अकादमी स्थापित करना चाहते हैं, जहां आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों की परवाह किए बिना बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके। उनका मानना है कि किसी भी बच्चे की परिस्थितियां उसकी प्रतिभा और सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780707 Articles

Share this story