वाराणसी के गौरव मौर्य स्कॉटलैंड में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप में पदक पर नजर

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के गौरव मौर्य स्कॉटलैंड में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप में पदक पर नजर


- 5 से 8 नवंबर तक ग्लासगो में होगी प्रतियोगिता, वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में जीत चुके हैं स्वर्ण और रजत पदक

वाराणसी, 19 अक्टूबर (हि.स.)।

शहर के कराटे खिलाड़ी गौरव मौर्य स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने वाली 12वीं कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। पांच से आठ नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गौरव की नजर देश के लिए पदक जीतने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाने पर होगी।

गौरव मौर्य कराटे में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में चीन में आयोजित 18वें वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में रजत पदक जीता था। इसके बाद वर्ष 2022 में नीदरलैंड में हुए 19वें वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा वह ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने कराटे इंडिया (केएआई) अंडर-21 जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ गौरव ने खेल के प्रति समर्पण और नियमित अभ्यास के दम पर कराटे में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धियां निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

ग्लासगो में होने वाली चैंपियनशिप गौरव के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और महत्वपूर्ण अवसर होगी। वह प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतने के इरादे से उतरेंगे। उनकी इस उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में भी उत्साह है।

गौरव मौर्य ने कहा, “मेरा लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा ऊंचा करना और देश के लिए पदक जीतना है।” उन्होंने देशवासियों से शुभकामनाएं और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वह प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763700 Articles

Share this story