एशियाई खेल: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह


एशियाई खेल: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह


आइची-नगोया, 23 सितंबर (हि.स.)। भारत ने 2026 एशियाई खेलों में पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारतीय टीम ने बुधवार को ग्रुप ए के मुकाबले में बांग्लादेश को 48-25 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

तोकाई सिटिजंस जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। भारतीय टीम ने पहले हाफ में बांग्लादेश के डिफेंस और रेडिंग को लगातार चुनौती दी और 18 आउट अंक तथा सात बोनस अंक हासिल किए। भारत ने इस दौरान दो बार ऑलआउट भी किया और चार अतिरिक्त अंक अपने खाते में जोड़े।

बांग्लादेश की टीम भारतीय डिफेंस के सामने लगातार लय हासिल नहीं कर सकी। उसने पहले हाफ में पांच आउट अंक और तीन बोनस अंक हासिल किए। एक सुपर टैकल से उसे एक और अंक मिला, लेकिन भारत के हरफनमौला प्रदर्शन के सामने वह पिछड़ता चला गया। भारत ने हाफ टाइम तक 29-9 की मजबूत बढ़त बना ली थी।

दूसरे हाफ की शुरुआत में भारत ने देवांक दलाल की जगह अर्जुन देशवाल को मैदान पर उतारा और दबाव बनाए रखा। हालांकि, बांग्लादेश ने दूसरे हाफ में अपने खेल में सुधार किया और आठ आउट तथा आठ बोनस अंक के साथ 16 अंक जुटाए।

भारत ने भी दूसरे हाफ में 19 अंक हासिल किए और एक और ऑलआउट किया।

इससे बांग्लादेश की वापसी की कोशिशों का भारतीय बढ़त पर कोई असर नहीं पड़ा और भारत ने मुकाबला 48-25 से अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले भारतीय टीम ने मेजबान जापान और दक्षिण कोरिया को हराया था। लगातार तीन जीत के बाद भारत ने पुरुष कबड्डी के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

भारत अब अपने अंतिम ग्रुप चरण के मुकाबले में 24 सितंबर को सुबह 9:45 बजे चीनी ताइपे का सामना करेगा। भारतीय टीम एशियाई खेलों में पुरुष कबड्डी का अपना नौवां स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story