एशियन खेल : भाला फेंक में यशवीर को रजत, रोहित को कांस्य, पथिरागे ने जीता स्वर्ण
नागोया, 28 सितंबर (हि.स.)। एशियन खेल-2026 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत ने दो पदक अपने नाम किए। यशवीर सिंह ने रजत और रोहित यादव ने कांस्य पदक जीता। श्रीलंका के डायमंड लीग चैंपियन रुमेश पथिरागे ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की गैरमौजूदगी में यशवीर और रोहित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई।यशवीर ने अपने अभियान की शुरुआत 83.56 मीटर की थ्रो से की, लेकिन पदक पक्का करने के लिए उन्हें अंतिम प्रयास तक इंतजार करना पड़ा। अपने छठे और आखिरी प्रयास में उन्होंने 85.72 मीटर भाला फेंककर रजत पदक पक्का किया। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा और इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने 2027 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
रोहित यादव की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उनका पहला प्रयास केवल 77.25 मीटर का रहा। हालांकि तीसरे प्रयास में उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए 84.35 मीटर की दूरी तय की और कांस्य पदक अपने नाम किया।
श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने बारिश के बीच शानदार प्रदर्शन किया। इस साल दो बार 90 मीटर का आंकड़ा पार कर चुके पाथिरागे ने चौथे प्रयास में 88.33 मीटर की दूरी तय कर बढ़त बनाई। इसके बाद अपने अंतिम प्रयास में उन्होंने 88.55 मीटर का थ्रो करते हुए स्वर्ण पदक पक्का कर लिया।
पाकिस्तान के अरशद नदीम 80.29 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहे। जापान के युता साकियामा 78.74 मीटर के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा का परिणाम
* स्वर्ण: रुमेश पथिरागे (श्रीलंका) — 88.55 मीटर
* रजत: यशवीर सिंह (भारत) — 85.72 मीटर
* कांस्य: रोहित यादव (भारत) — 84.35 मीटर
* चौथा स्थान: अरशद नदीम (पाकिस्तान) — 80.29 मीटर
* पांचवां स्थान: युता साकियामा (जापान) — 78.74 मीटर
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

