समैस प्वाइंट बैडमिंटन एकेडमी का भव्य शुभारंभ 10 अप्रैल को

WhatsApp Channel Join Now
समैस प्वाइंट बैडमिंटन एकेडमी का भव्य शुभारंभ 10 अप्रैल को


सीवान, 05 अप्रैल (हि.स.)। शहर के ललन कॉम्प्लेक्स स्थित यूको बैंक एटीएम के सामने “समैस प्वाइंट बैडमिंटन एकेडमी” का भव्य शुभारंभ 10 अप्रैल को होगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह एवं जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।

एकेडमी के डायरेक्टर पवन कुमार सिंह उर्फ गुड्डू जी ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “खेले सीवान–बढ़े सीवान” के संकल्प के साथ इस आधुनिक खेल केंद्र की स्थापना की गई है, जिसका उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि अब सीवान के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। एकेडमी में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और वैज्ञानिक प्रशिक्षण की सुविधा देकर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।

एकेडमी में बैडमिंटन के लिए इंटरनेशनल मानक के अनुरूप क्लास मैट और सिंथेटिक कोर्ट तैयार किए गए हैं। साथ ही, नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के अनुभवी कोचों द्वारा प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम और बाथरूम की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा परिसर में आधुनिक जिम, गटिंग मशीन और स्पोर्ट्स किट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। खिलाड़ियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

शुल्क के रूप में ओपनिंग ऑफर के तहत जनरल मेंबरशिप 2000 रुपये की जगह 1500 रुपये प्रति माह निर्धारित की गई है, जबकि छात्रों के लिए विशेष रियायत के साथ मात्र 1000 रुपये प्रति माह शुल्क रखा गया है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण देने की भी योजना है। एकेडमी में अनुशासन और बीडब्लूएफ नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा तथा कोर्ट की सुरक्षा के लिए नॉन-मार्किंग जूते पहनना अनिवार्य होगा।

स्थानीय खेल प्रेमियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सीवान के खेल विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story