ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना दृष्टिकोण, अहमदाबाद की तैयारियों का दिया ब्योरा

WhatsApp Channel Join Now
ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना दृष्टिकोण, अहमदाबाद की तैयारियों का दिया ब्योरा


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की। गुरुवार को हुई ऑनलाइन प्रस्तुति में अहमदाबाद की तैयारियों, खेल बुनियादी ढांचे और भारत की मेजबानी संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस प्रस्तुति में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर और आईओए एथलीट आयोग की अध्यक्ष पीवी सिंधु ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। भारत की आईओसी सदस्य नीता अंबानी भी इस दौरान मौजूद रहीं।

प्रस्तुति में अहमदाबाद की खेल संबंधी तैयारियों के साथ शहर, राज्य और केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग को प्रमुखता से रखा गया। इसके अलावा बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में भारत के अनुभव, प्रस्तावित खेल स्थलों के विकास और खेलों के आयोजन को लेकर दीर्घकालिक योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

अहमदाबाद को भारत की प्रस्तावित मेजबानी योजना का केंद्र बताया गया। शहर में साल 2030 राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन होना है। ऐसे में विश्वस्तरीय खेल स्थलों और उनसे जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का विकास 2036 ओलंपिक की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।

इस बैठक में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ केंद्र और गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

करीब आधे घंटे तक चली प्रस्तुति के बाद आईओसी के फ्यूचर होस्ट कमीशन और भारतीय प्रतिनिधिमंडल के बीच संवाद भी हुआ। इसमें खेलों की संभावित विरासत और प्रभाव, स्थानीय से राष्ट्रीय स्तर तक विकास योजनाओं के साथ तालमेल, खेल स्थलों की रूपरेखा, सरकारी सहयोग और वित्तीय रणनीति जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

भारत फिलहाल उन सात देशों में शामिल है, जो आईओसी के साथ निरंतर संवाद के चरण में हैं। इस प्रक्रिया के मार्च 2027 में रणनीतिक संवाद चरण में पहुंचने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story