रॉयल एनफील्ड गोलकीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम में 25 गोलकीपरों को किया गया प्रशिक्षित

WhatsApp Channel Join Now
रॉयल एनफील्ड गोलकीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम में 25 गोलकीपरों को किया गया प्रशिक्षित


पांच दिवसीय शिविर में तकनीक, खेल की रणनीति और शारीरिक क्षमता पर दिया गया जोर;

लेह, 14 नवंबर (हि.स.)। रॉयल एनफील्ड ने लेह के नावांग दोरजे स्तोबदान (एनडीएस) स्टेडियम में 9 से 13 नवंबर तक आयोजित अपना पहला विशेष गोलकीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा कर लिया है। पांच दिवसीय इस शिविर के साथ आइस हॉकी इन द हिमालयाज के चौथे सत्र की शुरुआत हुई। यह कार्यक्रम खेल के दीर्घकालिक विकास की योजना के तहत आयोजित किया गया, जिसमें लद्दाख और स्पीति के 25 गोलकीपरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

आयोजकों की ओर से शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिविर का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय आइस हॉकी महासंघ (आईआईएचएफ) से प्रमाणित ब्रिटिश गोलकीपिंग विशेषज्ञ मैट डार्लो ने किया। उन्हें कोचिंग का करीब तीन दशक का अनुभव है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आइस हॉकी में गोलकीपर की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षण उपलब्ध कराना था।

प्रशिक्षण के प्रत्येक दिन तकनीकी अभ्यास और खेल की परिस्थितियों के अनुरूप रणनीतिक तैयारी के बीच संतुलन रखा गया। सुबह का 90 मिनट का सत्र मुख्य रूप से तकनीकी अभ्यास के लिए निर्धारित था, जिसमें शारीरिक रूप से अधिक चुनौतीपूर्ण अभ्यास पहले कराए गए। दोपहर के छोटे सत्र में खिलाड़ियों ने इन तकनीकों का इस्तेमाल खेल की वास्तविक परिस्थितियों में करना सीखा। इसके अलावा, बर्फ से बाहर गोलकीपरों के लिए विशेष शारीरिक अभ्यास भी कराए गए। दिन के अंत में अभ्यास की समीक्षा, व्यक्तिगत सुझाव और उपकरणों की देखभाल पर ध्यान दिया गया।

कक्षा सत्रों में खिलाड़ियों को गोलकीपिंग से जुड़े प्रमुख तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। इसमें खड़े होने की सही मुद्रा, कोण, शरीर की स्थिति, गोलपोस्ट के सापेक्ष दूरी, रिबाउंड पर नियंत्रण और पोस्ट के आसपास की स्थिति जैसे विषय शामिल थे। इसका उद्देश्य क्षेत्र के गोलकीपरों और कोचों के बीच एक साझा तकनीकी समझ विकसित करना था, ताकि शिविर के बाद भी इसका लाभ मिल सके।

प्रशिक्षण के पहले दिन खिलाड़ियों को खड़े होने की मुद्रा, पोजिशनिंग, बटरफ्लाई तकनीक और दोबारा सही स्थिति में आने का अभ्यास कराया गया। दूसरे दिन गोल के सामने प्रभावी ढंग से मूवमेंट करने और पोस्ट के आसपास खेल को समझने पर ध्यान दिया गया। इसमें नेट की ओर बढ़ते हमले, रैपअराउंड शॉट और अफरा-तफरी वाली परिस्थितियों में बचाव के अभ्यास शामिल थे। अधिक उन्नत तकनीकों को तभी सिखाया गया, जब खिलाड़ी बुनियादी तकनीकों में सक्षम हो गए।

तीसरे दिन हाथों और आंखों के बीच तालमेल विकसित करने पर जोर रहा। खिलाड़ियों ने ग्लव, ब्लॉकर और स्टिक से गोल बचाने, खिलाड़ियों की स्क्रीन के पीछे से आती पक को देखने, दिशा बदलकर आने वाले शॉट को समझने और पहले बचाव के बाद दूसरे प्रयास के लिए तैयार रहने का अभ्यास किया।

चौथे दिन खेल की परिस्थितियों को पढ़ने और उनके अनुरूप प्रतिक्रिया देने का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें नीचे से ऊपर की ओर आने वाले हमले, एक तरफ से दूसरी तरफ पास, गोलपोस्ट के पीछे से होने वाले हमले और अकेले आगे बढ़ते खिलाड़ी के शॉट का सामना करना शामिल था। इन परिस्थितियों को तीन-तीन और चार-चार खिलाड़ियों के छोटे मुकाबलों के जरिए परखा गया। पूरे सप्ताह गोलकीपरों को अपने रक्षकों से लगातार संवाद करने और विरोधी खिलाड़ियों की स्क्रीन, पास तथा गोलपोस्ट के पीछे से आने वाले हमलावरों के बारे में जानकारी देने का अभ्यास भी कराया गया।

अंतिम दिन प्रत्येक गोलकीपर पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिया गया। खिलाड़ियों को अलग-अलग अभ्यास केंद्रों पर भेजकर उनकी कमियों को दूर करने के लिए सुझाव दिए गए। इसके बाद समापन प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रत्येक खिलाड़ी ने अपने विकास के लिए एक व्यक्तिगत योजना भी तैयार की, जिसमें दो तकनीकी लक्ष्य, एक शारीरिक क्षमता से जुड़ा लक्ष्य और एक रिकवरी की आदत शामिल थी।

बर्फ से बाहर होने वाले शारीरिक अभ्यास भी पूरे सप्ताह चरणबद्ध तरीके से कराए गए। शुरुआत में गतिशीलता, सांस लेने और तालमेल से जुड़े अभ्यास हुए। इसके बाद शक्ति, संतुलन, दृश्य प्रतिक्रिया, गति और फुर्ती पर काम किया गया। अंतिम दिन अभ्यास का जोर रिकवरी पर रहा।

अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई थी। पहले दिन खिलाड़ियों को वातावरण के अनुरूप ढलने का समय देने के लिए अभ्यास का भार सीमित रखा गया और थकान आधारित अभ्यासों के बजाय सही तकनीक तथा शारीरिक गतिविधियों की गुणवत्ता पर जोर दिया गया। कोचों को निर्देश दिया गया था कि ऊंचाई के कारण होने वाली परेशानी के शुरुआती लक्षण दिखते ही खिलाड़ी को बर्फ से हटा लिया जाए।

गोलकीपर प्रशिक्षण शिविर के साथ चौथे सत्र की विकास संबंधी गतिविधियों की शुरुआत हुई है। इस सत्र में क्षेत्र में आइस हॉकी की दीर्घकालिक क्षमता विकसित करने के लिए खिलाड़ियों और कोचों के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 1 से 4 दिसंबर तक रेफरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका नेतृत्व आईआईएचएफ से प्रमाणित रेफरी प्रशिक्षक पीटर गेबी करेंगे। उन्हें खिलाड़ी, रेफरी और रेफरी प्रशिक्षक के रूप में चार दशक से अधिक का अनुभव है। वह लगातार दूसरे वर्ष इस कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।

व्यक्तिगत विकास योजनाओं के साथ अब सभी 25 गोलकीपर अपनी-अपनी टीमों में लौटेंगे और जनवरी-फरवरी 2027 में होने वाली रॉयल एनफील्ड आइस हॉकी लीग (आरईआईएचएल) तथा काजा में आयोजित होने वाले रॉयल एनफील्ड समर्थित स्पीति कप की तैयारियां करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story