महिला टी-20 विश्व कप के लिए आईसीसी ने घोषित की विश्वस्तरीय कमेंट्री टीम

WhatsApp Channel Join Now
महिला टी-20 विश्व कप के लिए आईसीसी ने घोषित की विश्वस्तरीय कमेंट्री टीम


महिला टी-20 विश्व कप के लिए आईसीसी ने घोषित की विश्वस्तरीय कमेंट्री टीम


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने महिला टी-20 विश्व कप के लिए विश्वस्तरीय कमेंट्री टीम की घोषणा कर दी है। इस बार कमेंट्री पैनल में महिलाओं की प्रमुख भूमिका देखने को मिलेगी, जिसमें विश्व कप विजेता खिलाड़ी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तान, अनुभवी प्रसारक और क्रिकेट जगत की कई प्रतिष्ठित आवाजें शामिल हैं।

महिला टी-20 विश्व कप का आयोजन 12 जून से शुरू होगा, जिसमें उद्घाटन मुकाबला इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स मैदान पर होगा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान कुल 33 मुकाबलों का प्रसारण किया जाएगा।

कमेंट्री टीम में कई ऐसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने आईसीसी विश्व कप जीतने का अनुभव हासिल किया है। ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहीं मेल जोन्स और जूलिया प्राइस इस पैनल में शामिल हैं। वेस्टइंडीज की पूर्व खिलाड़ी स्टेसी-ऐन किंग भी टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने महिला टी-20 विश्व कप जीता था। इंग्लैंड की विश्व कप विजेता टीम की सदस्य रहीं ईसा गुहा और एबोनी रेनफोर्ड-ब्रेंट भी कमेंट्री करेंगी। दोनों वर्ष 2009 में आयोजित पहले महिला टी-20 विश्व कप विजेता इंग्लैंड टीम का हिस्सा भी रही थीं।

पुरुष क्रिकेट से भी कई बड़े नाम इस टीम में शामिल किए गए हैं। दो बार पुरुष विश्व कप जीतने वाले मैथ्यू हेडन, भारत के पूर्व खिलाड़ी दिनेश कार्तिक और वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी कार्लोस ब्रैथवेट भी कमेंट्री पैनल का हिस्सा होंगे। इसके अलावा क्रिकेट प्रसारण की दुनिया की चर्चित आवाजें नासिर हुसैन, इयान बिशप और इयान स्मिथ भी इस टूर्नामेंट में एक साथ नजर आएँगे। इन तीनों ने वर्ष 2019 पुरुष विश्व कप फाइनल के दौरान भी यादगार कमेंट्री की थी।

कमेंट्री टीम में पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज, ताश फेरेंट, अंजुम चोपड़ा, साइमन डूल, वेदा कृष्णमूर्ति, सना मीर, इसोबेल जॉयस और केटी मार्टिन भी शामिल हैं। प्रस्तुतकर्ताओं और प्रसारण विशेषज्ञों की सूची में चार्ल्स डैगनॉल, नेटली जर्मानोस, एलन विल्किंस, लॉरा मैकगोल्ड्रिक, जतिन सप्रू, कैस नायडू, रौनक कपूर और अली मिशेल जैसे नाम शामिल हैं।

इस अवसर पर मेल जोन्स ने कहा कि यह महिला टी-20 विश्व कप अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा और यह महिला क्रिकेट की प्रगति का उत्सव है।

मिताली राज ने कहा कि इस बार भाग लेने वाली 12 टीमों में प्रतिभा का स्तर बेहद ऊँचा है और दुनिया को कई यादगार क्षण देखने को मिलेंगे।

ईसा गुहा ने कहा कि मेजबान शहर और मैदान इस बड़े आयोजन को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

नासिर हुसैन ने कहा कि महिला क्रिकेट के प्रति उत्साह और प्रतिभा का विस्तार पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है और यह टूर्नामेंट भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।

इयान बिशप ने कहा कि हर आईसीसी आयोजन ऐसी यादें देता है, जो लंबे समय तक लोगों के दिलों में रहती हैं और यह टूर्नामेंट भी वैसी ही नई कहानियाँ लिखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story