युवा हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप: पाकिस्तान को 7-3 से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत

WhatsApp Channel Join Now
युवा हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप: पाकिस्तान को 7-3 से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत


युवा हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप: पाकिस्तान को 7-3 से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत


महिला टीम ने भी की शानदार वापसी

मस्कट (ओमान), 25 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इससे पहले भारत ने मेजबान ओमान को 10-1 से करारी शिकस्त दी।

वहीं, भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने चीन से मिली हार के बाद दमदार वापसी करते हुए उज्बेकिस्तान को 10-0 से रौंद दिया और अब सेमीफाइनल में कजाकिस्तान से भिड़ेगी।

पुरुष वर्ग के सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। रोमित पाल (8वें मिनट), करण गौतम (10वें मिनट) और कप्तान केतन कुशवाहा (10वें मिनट) के गोल की बदौलत भारत ने मध्यांतर तक 3-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में प्रह्लाद राजभर (12वें मिनट) ने बढ़त 4-0 कर दी। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद उस्मान (12वें और 15वें मिनट) तथा कप्तान अदील (17वें मिनट) ने गोल किए, लेकिन शाहरुख अली (16वें मिनट), राहुल यादव (18वें मिनट) और केतन कुशवाहा (20वें मिनट) के गोलों ने भारत की 7-3 की यादगार जीत सुनिश्चित कर दी।

इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम ने मेजबान ओमान को 10-1 से हराया। भारत ने पहले हाफ में ही 6-0 की बढ़त बना ली थी। शाहरुख अली और केतन कुशवाहा ने दो-दो गोल किए, जबकि करण गौतम और प्रह्लाद राजभर ने भी एक-एक गोल दागा। दूसरे हाफ में कुशवाहा ने अपने चार गोल पूरे किए, जबकि गौतम और राजभर ने भी दूसरा गोल किया। ओमान की ओर से एकमात्र गोल खजराज सुबैत अल-मशराफी ने किया।

महिला वर्ग में भारतीय टीम को पहले मुकाबले में चीन के खिलाफ 3-6 से हार का सामना करना पड़ा। पहले हाफ तक मुकाबला 3-3 की बराबरी पर था, जिसमें संदीपा कुमारी और किरण एक्का ने भारत के लिए गोल किए, लेकिन दूसरे हाफ में चीन ने बढ़त बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

हालांकि, दूसरे मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने शानदार वापसी करते हुए उज्बेकिस्तान को 10-0 से हरा दिया। नौशीन नाज़ ने हैट्रिक जमाई, जबकि संदीपा कुमारी ने दो गोल किए। श्रुति कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, नीलम टोपनो और दिया ने भी एक-एक गोल कर भारत की एकतरफा जीत में योगदान दिया।

पूल चरण समाप्त होने के बाद भारतीय पुरुष टीम शनिवार, 25 जुलाई को फाइनल में एक बार फिर पाकिस्तान से भिड़ेगी। वहीं, भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल-2 में कजाकिस्तान का सामना करेगी। यह प्रतियोगिता उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story