अंडर-18 महिला एशिया कप: नूशीन नाज़ के दम पर भारत ने मलेशिया को 2-1 से हराया
काकामिगहारा (जापान), 30 मई (हि.स.)। भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने अंडर-18 एशिया कप 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले पूल-ए मुकाबले में शनिवार को मलेशिया को 2-1 से पराजित किया। 15 वर्षीय फॉरवर्ड नूशीन नाज़ ने दोनों गोल दागकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर में भारत ने दबाव बढ़ाया और 19वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को नूशीन नाज़ ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
अच्छी लय में दिख रही नूशीन यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने 28वें मिनट में एक तेज और सटीक शॉट लगाकर मलेशियाई गोलकीपर को छकाया और भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इसके साथ ही भारत ने हाफ टाइम तक मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली।
दूसरे हाफ में मलेशिया ने वापसी की कोशिश की और 41वें मिनट में नूर अजली ने गोल कर अंतर को 2-1 कर दिया। इसके बाद मलेशिया ने बराबरी हासिल करने के लिए लगातार हमले किए, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को कोई और मौका नहीं दिया।
पूरे मुकाबले में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और कुल 16 पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किए। हालांकि टीम इनमें से केवल दो मौकों को गोल में बदल सकी, लेकिन नूशीन नाज़ के दोनों गोल अंततः जीत का अंतर साबित हुए।
इस जीत के साथ भारत ने तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए और फिलहाल पूल-ए में दूसरे स्थान पर है। भारत और कोरिया दोनों के तीन-तीन अंक हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के आधार पर कोरिया शीर्ष पर बना हुआ है।
भारतीय टीम अब अपने अगले पूल मुकाबले में 31 मई 2026 को कोरिया का सामना करेगी। मुकाबला पूल की शीर्ष टीम तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

