हॉकी इंडिया ने टिम व्हाइट को भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया

WhatsApp Channel Join Now
हॉकी इंडिया ने टिम व्हाइट को भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच के रूप में टिम व्हाइट की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की है। ऑस्ट्रेलिया के इस अनुभवी कोच ने हाल ही में जनवरी 2026 में हीरो हॉकी इंडिया लीग में तमिलनाडु ड्रैगन्स टीम के मुख्य कोच के रूप में काम किया था। अब वह भारत की उभरती हुई युवा प्रतिभाओं को निखारने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

टिम व्हाइट का कोचिंग करियर काफी प्रभावशाली रहा है। भारत आने से पहले वह बेल्जियम की अंडर-21 महिला टीम के कोच थे, जहां उन्होंने टीम को दिसंबर 2025 में जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक दिलाया। इसके अलावा 2021 से 2024 के बीच वह बेल्जियम की सीनियर महिला टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे, इस दौरान टीम की विश्व रैंकिंग 12वें स्थान से बढ़कर तीसरे स्थान तक पहुंची और 2024 पेरिस ओलंपिक में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।

इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया की जूनियर टीम के राष्ट्रीय कोच भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक हासिल किया था।

अपनी नियुक्ति पर टिम व्हाइट ने कहा कि भारत में हॉकी के प्रति जुनून और समृद्ध परंपरा ने उन्हें दोबारा यहां आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वह यहां की युवा प्रतिभाओं को नजदीक से देख चुके हैं और उनका लक्ष्य ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना है, जो तकनीकी रूप से मजबूत हों और सीनियर टीम में जगह बनाने के लिए तैयार रहें।

टीम को लेकर अपनी योजना साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वह खेल को सरल रखते हुए टीम की सामूहिक और व्यक्तिगत ताकत पर ध्यान देंगे। उनका लक्ष्य एक ऐसी टीम तैयार करना है जो आक्रामक हॉकी खेले, लेकिन रक्षण में भी अनुशासन बनाए रखे। साथ ही उन्होंने फिटनेस और दबाव में बेहतर प्रदर्शन को भी प्राथमिकता दी।

टिम व्हाइट की नियुक्ति को भारतीय हॉकी में आधुनिक रणनीति और अनुशासन लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। उनके पास ऑस्ट्रेलिया और यूरोप में उच्च प्रदर्शन कार्यक्रमों का व्यापक अनुभव है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि टिम व्हाइट का अनुभव और उपलब्धियां जूनियर टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगी। वहीं महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि यह कदम जूनियर खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने की दिशा में अहम है और इससे युवा खिलाड़ियों को सीनियर स्तर के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story