महिला यूथ हॉकी-5एस एशियाई चैंपियनशिप प्रशिक्षण शिविर के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित

WhatsApp Channel Join Now
महिला यूथ हॉकी-5एस एशियाई चैंपियनशिप प्रशिक्षण शिविर के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित


महिला यूथ हॉकी-5एस एशियाई चैंपियनशिप प्रशिक्षण शिविर के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित


नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को ओमान के मस्कट में होने वाली पहली महिला यूथ हॉकी-5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 की तैयारियों के लिए 15 सदस्यीय सब जूनियर महिला समूह की घोषणा कर दी है।

चयनित खिलाड़ी भोपाल के मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में 4 जुलाई से 18 जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही हैं।यह शिविर भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और सब जूनियर महिला टीम की मुख्य कोच रानी की निगरानी में चल रहा है। शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को हॉकी-5 के तेज़ और अलग प्रारूप के अनुरूप तैयार करना है।

हॉकी इंडिया के अनुसार भोपाल अब देश में हॉकी के प्रमुख उच्च प्रदर्शन केंद्र के रूप में उभर रहा है। इससे पहले भी यहां सब जूनियर राष्ट्रीय शिविर और अंडर-18 एशिया कप की तैयारियां कराई जा चुकी हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए उपयुक्त वातावरण उपलब्ध करा रही है।

कोच रानी ने कहा कि महिला यूथ हॉकी-5 एशियाई चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का शानदार अवसर है। उन्होंने कहा कि चूंकि सब जूनियर टीम पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है, इसलिए खिलाड़ियों को हॉकी-5 के प्रारूप की तकनीकी और सामरिक बारीकियों से परिचित कराने के साथ उनकी बुनियादी क्षमताओं को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए मध्य प्रदेश सरकार का भी आभार व्यक्त किया।

हॉकी इंडिया ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर देश में मजबूत प्रतिभा विकास प्रणाली तैयार करने की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। इसी वर्ष अंडर-18 एशिया कप 2026 से पहले भी सब जूनियर खिलाड़ियों के लिए एक महीने का राष्ट्रीय शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक जीता था। संस्था का लक्ष्य युवा खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय अवसर देकर उन्हें भविष्य में जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय टीमों के लिए तैयार करना है।

प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित खिलाड़ी

रश्मीन कौर, रुबीना बक्सला, नैन्सी सरोहा, पुष्पा मांझी, खिली कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, स्नेहा दावड़े, नौशीन नाज़, श्रुति कुमारी, नीलम टोपनो, प्रियंका मिंज, दिया, संदीपा कुमारी और महक परिहार।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story