न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय हॉकी टीम की कमान संभालेंगे संजय, दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने पर होंगे मुकाबले

WhatsApp Channel Join Now
न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय हॉकी टीम की कमान संभालेंगे संजय, दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने पर होंगे मुकाबले


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए सोमवार को 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी। पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य संजय को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। यह दौरा 15 से 23 नवंबर तक ऑकलैंड में आयोजित होगा। इस दौरान भारतीय टीम मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मुकाबले खेलेगी।

यह दौरा भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इसका आधिकारिक नाम '2026 इंडिया-न्यूजीलैंड सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी इवेंट-खेल साझेदारी के माध्यम से भारत और न्यूजीलैंड के बीच एकता के 100 वर्ष' रखा गया है।

दोनों देशों के बीच खेल संबंधों की शुरुआत वर्ष 1926 से मानी जाती है। उस समय महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की मौजूदगी वाली भारतीय सेना की हॉकी टीम न्यूजीलैंड का दौरा करने वाली किसी भी खेल में भारत की पहली टीम बनी थी। आगामी आयोजन इसी ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाने के साथ दोनों देशों के पुराने खेल संबंधों को और मजबूत करने का अवसर होगा।

भारतीय टीम की कमान संभालने वाले संजय के सामने युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी होगी। इस दौरे को उभरते खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही कोचिंग स्टाफ को भी नई प्रतिभाओं का आकलन करने और भारतीय पुरुष हॉकी टीम की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत करने का मौका मिलेगा।

भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, इस टीम में कुछ उभरते हुए अंडर-21 खिलाड़ियों और मौजूदा इंडिया ए टीम के मुख्य खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। तीन मैचों का यह दौरा सही समय पर हो रहा है। हमें घरेलू मैदान पर मजबूत न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ तीन मुकाबलों में अपनी टीम की क्षमता को परखने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि चुने गए खिलाड़ी इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगे, अपनी प्रतिभा दिखाएंगे और भविष्य में राष्ट्रीय टीम के लिए चयन के अपने दावे को मजबूत करेंगे।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, न्यूजीलैंड का यह दौरा दोनों देशों के बीच खेल मित्रता के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने का शानदार अवसर है। मुझे विश्वास है कि हमारे युवा खिलाड़ी इस अनुभव का पूरा लाभ उठाएंगे और भारतीय हॉकी की प्रतिभा तथा क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, यह दौरा बेहद ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि हम भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल साझेदारी के एक शतक का जश्न मना रहे हैं। यह हमारे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने, अपनी क्षमता दिखाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए अपनी तैयारी साबित करने का महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान करेगा।

भारतीय टीम इस प्रकार है:-

गोलकीपर: मोहित एचएस, पवन।

डिफेंडर: तालेम प्रियाबर्ता, संजय (कप्तान), नीलम संजीप एक्सेस, शारदा नंद तिवारी, अनमोल एक्का, यशदीप सिवाच।

मिडफील्डर: अंगद बीर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, रविचंद्र सिंह, विष्णुकांत सिंह, मनमीत सिंह, रोशन कुजूर, वेंकटेश केंचे।

फॉरवर्ड: अजीत यादव, उत्तम सिंह, कार्ति सेल्वम, अर्शदीप सिंह, अराइजीत सिंह हुंडल।

भारत-न्यूजीलैंड दौरे का कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार):

* 19 नवंबर, गुरुवार : सुबह 11:00 बजे।

* 21 नवंबर, शनिवार : सुबह 8:30 बजे।

* 22 नवंबर, रविवार : सुबह 6:30 बजे।

तीनों मुकाबले ऑकलैंड के लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774345 Articles

Share this story