ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले दबाव झेलने के लिए पूरी तरह तैयार भारतीय महिला हॉकी टीम : सलीमा टेटे
नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले कहा है कि टीम किसी भी तरह के दबाव से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में टीम का प्रशिक्षण शिविर बेहद मेहनत और अनुशासन के साथ चल रहा है।
अर्जेंटीना दौरे में मिले अनुभव को सकारात्मक बताते हुए सलीमा ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले आगामी विश्व कप और एशियाई खेलों जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
सलीमा टेटे ने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, “ऑस्ट्रेलिया एक मजबूत टीम है और उनके खिलाफ खेलने से हमें उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा। हम इस दौरे को लेकर काफी उत्साहित हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। कोचिंग स्टाफ लगातार हमारे साथ मेहनत कर रहा है।”
उन्होंने युवा खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि टीम में नई प्रतिभाओं को लगातार अवसर दिए जा रहे हैं और वे अच्छा प्रदर्शन भी कर रही हैं। कप्तान के अनुसार टीम का संतुलन और भविष्य दोनों मजबूत दिखाई दे रहे हैं।
फिटनेस को टीम की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए सलीमा ने कहा, “हर खिलाड़ी फिटनेस पर काफी मेहनत कर रहा है। किसी भी मजबूत टीम को हराने के लिए फिटनेस बेहद जरूरी होती है। जूनियर खिलाड़ी भी अपनी फिटनेस सुधारने पर ध्यान दे रहे हैं। हमने विश्व कप क्वालीफायर में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन अभी और सुधार की गुंजाइश है।”
उन्होंने अर्जेंटीना दौरे को टीम के लिए महत्वपूर्ण अनुभव बताते हुए कहा कि वहां शीर्ष स्तर की टीमों के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और टीम संयोजन को बेहतर समझने का मौका मिला।
सलीमा ने कहा, “अर्जेंटीना में पूरी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। वहां का अनुभव ऑस्ट्रेलिया दौरे, नेशंस कप, विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारी में काफी मदद करेगा। हमारा फोकस फिलहाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है और हम वहां भी वही लय बरकरार रखना चाहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम अनुशासित होकर अपनी रणनीति के अनुसार खेलना चाहते हैं। हर खिलाड़ी को अपनी ताकत और कमजोरियों पर काम करना होगा ताकि टीम के रूप में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। दबाव जरूर रहेगा, लेकिन हम उसे संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
भारतीय महिला हॉकी टीम 21 मई से 3 जून तक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रहेगी। इस दौरान टीम पर्थ हॉकी स्टेडियम में 26 मई से 30 मई के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मुकाबले खेलेगी। यह दौरा न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित होने वाले एफआईएच महिला नेशंस कप की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

