सरदार सिंह और रानी ने हॉकी इंडिया की दूरदृष्टि की सराहना की, युवा खिलाड़ियों को बताया भारत का भविष्य

WhatsApp Channel Join Now
सरदार सिंह और रानी ने हॉकी इंडिया की दूरदृष्टि की सराहना की, युवा खिलाड़ियों को बताया भारत का भविष्य


सरदार सिंह और रानी ने हॉकी इंडिया की दूरदृष्टि की सराहना की, युवा खिलाड़ियों को बताया भारत का भविष्य


भोपाल, 15 मई (हि.स.)। भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह और रानी ने जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों के विकास और युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय अनुभव दिलाने के लिए हॉकी इंडिया की पहल की जमकर सराहना की। दोनों पूर्व कप्तान इस समय भारतीय अंडर-18 पुरुष और महिला हॉकी टीमों के मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

भारतीय अंडर-18 पुरुष और महिला टीमें आगामी अंडर-18 एशिया कप 2026 की तैयारियों के तहत भोपाल स्थित साई सेंटर में ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीमों के खिलाफ चार मैचों की शृंखला खेल रही हैं। यह एशिया कप इस महीने के अंत में जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होगा।

शृंखला शुरू होने से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरदार सिंह और रानी ने कहा कि हॉकी इंडिया की यह पहल भारतीय हॉकी के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।

भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम के कोच सरदार सिंह ने कहा, “हॉकी इंडिया की यह पहल बेहद सराहनीय है क्योंकि कम उम्र में खिलाड़ियों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। यही खिलाड़ी भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।”

उन्होंने कहा, “हॉकी इंडिया हर स्तर पर खेल को बढ़ावा देने के लिए शानदार काम कर रही है। हर साल सब-जूनियर और जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप आयोजित की जा रही हैं। खिलाड़ियों को विभिन्न राज्यों में किट भी वितरित की जा रही हैं। अगर इसी तरह बुनियादी ढांचे, कोचिंग और सपोर्ट सिस्टम को बेहतर किया जाता रहा तो भारतीय हॉकी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।”

भारतीय अंडर-18 महिला टीम की कोच रानी ने भी हॉकी इंडिया की पहल की तारीफ करते हुए कहा, “मैं हॉकी इंडिया का धन्यवाद करना चाहती हूं कि उन्होंने युवा खिलाड़ियों के लिए अंडर-18 स्तर पर इस तरह की पहल शुरू की। इससे पहले इस आयु वर्ग के खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिला था। यह उनके लिए बहुत बड़ा सीखने का अनुभव है।”

रानी ने खिलाड़ियों के शुरुआती विकास को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, “इन लड़कियों की औसत उम्र 15 से 16 साल के बीच है। इनके सामने लंबा भविष्य है और यही खिलाड़ी 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स तथा 2032 और 2036 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं। शुरुआती स्तर पर मिला यह अनुभव उनके विकास में अहम भूमिका निभाएगा।”

भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीमों के बीच मैच कार्यक्रम

पुरुष वर्ग

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — 15 मई, शाम 5:00 बजे

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — 17 मई, शाम 7:00 बजे

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — 18 मई, शाम 5:00 बजे

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — 20 मई, सुबह 10:00 बजे

महिला वर्ग

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — 15 मई, शाम 7:00 बजे

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — 17 मई, शाम 5:00 बजे

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — 18 मई, शाम 7:30 बजे

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — 20 मई, सुबह 8:00 बजे

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story