एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय महिला हॉकी टीम में मजबूत बेंच तैयार करने पर शोर्ड मारिन का जोर

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय महिला हॉकी टीम में मजबूत बेंच तैयार करने पर शोर्ड मारिन का जोर


एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय महिला हॉकी टीम में मजबूत बेंच तैयार करने पर शोर्ड मारिन का जोर


मुख्य कोच बोले- खिलाड़ियों को अलग-अलग पोजिशन पर खेलने के लिए तैयार करना है लक्ष्य, युवा प्रतिभाओं को भी मिलेगा मौका

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)।

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन का लक्ष्य आगामी मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 से पहले टीम में अधिक गहराई, बहुमुखी प्रतिभा और प्रतिस्पर्धा विकसित करना है। तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में होने वाले इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करेगी। उसे चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड और मलेशिया की चुनौती का सामना करना है।

जापान में एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम एक और महत्वपूर्ण प्रतियोगिता की तैयारी में जुटी है। इस दौरान खिलाड़ियों को अलग-अलग पोजिशन पर खेलने के लिए तैयार करने और उभरती प्रतिभाओं को खुद को साबित करने का अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

हॉकी इंडिया को दिए साक्षात्कार में मारिन ने कहा कि टीम का मुख्य ध्यान अपने खेल में सुधार करने और अभ्यास के दौरान हासिल की गई प्रगति को प्रतियोगिता के दबाव में भी बरकरार रखने पर है।

राष्ट्रीय शिविर में किए गए काम के बारे में पूछे जाने पर मारिन ने कहा, “हम टीम में अधिक गहराई तैयार करने में जुटे हैं, जिससे अभ्यास सत्र भी ज्यादा प्रतिस्पर्धी बन रहे हैं। खिलाड़ी भी इस बात को समझते हैं। इसलिए वे अपना सर्वश्रेष्ठ दे रही हैं और बहुत मेहनत कर रही हैं।”

भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में नए स्टेडियम और नई पिच पर खेलने की चुनौती को लेकर उन्होंने कहा, “यह सिर्फ परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की बात है। हम पूरे साल अलग-अलग पिचों पर खेलते हैं और यह भी वैसा ही बदलाव होगा। एशियाई खेलों में पिच काफी कठिन और ऊबड़-खाबड़ थी। इसलिए हम इसे लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं। विरोधी टीमों को भी इन्हीं परिस्थितियों से गुजरना होगा। इसलिए यह हमारी चिंता का विषय नहीं है।”

टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को अलग-अलग पोजिशन पर आजमाने की योजना पर मारिज्ने ने कहा, “इसका उद्देश्य टीम में अधिक गहराई तैयार करना है। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी अलग-अलग पोजिशन पर खेल सकें। अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाती है, विशेषकर ओलंपिक जैसे टूर्नामेंट में, तो यह काफी मददगार साबित होता है। साथ ही खिलाड़ियों के विकास के लिए भी यह बहुत उपयोगी है।”

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “ईशिका सामान्य तौर पर स्ट्राइकर के रूप में खेलती हैं, लेकिन अब कभी-कभी मिडफील्डर की भूमिका भी निभा रही हैं। रुतुजा (दादासो पिसाल) के साथ भी ऐसा ही है। उन्हें दूसरी पोजिशन पर खेलने के लिए खुद को ढालना सीखना होगा। हम देखना चाहते हैं कि इससे हमारी खेल रणनीति और टीम में किए जाने वाले सुधारों को कितनी मदद मिलती है।”

मारिन ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को भी इस टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा, “पूजा (साहू) जैसी युवा खिलाड़ी को मौका मिलेगा। ज्योति सिंह पहली बार टीम के साथ होंगी और मुमताज भी लंबे समय बाद वापसी कर रही हैं। मुझे लगता है कि इन सभी के लिए यह अपनी क्षमता दिखाने का अच्छा मंच है।”

एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद चीन सहित उन्हीं मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने की चुनौती पर मारिन ने कहा, “आप कभी नहीं जानते कि दूसरी टीमें किस तरह की टीम लेकर टूर्नामेंट में आएंगी। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात वही है, जिस पर मैं पूरे साल जोर देता रहा हूं और इस टूर्नामेंट में भी हमारा ध्यान उसी पर रहेगा। हमें खुद पर ध्यान देना है, यह देखना है कि एशियाई खेलों के बाद हमें किन क्षेत्रों में सुधार करना है और हम क्या बेहतर कर सकते हैं। हमारा मुख्य ध्यान इसी पर है। इसके बाद विरोधी टीम कोई भी हो, इससे फर्क नहीं पड़ता।”

उन्होंने आगे कहा, “हमने बेंगलुरु के शिविर में इन पहलुओं पर काम किया है और अब समय है कि देखा जाए कि खिलाड़ी टूर्नामेंट के दबाव में कैसा प्रदर्शन करती हैं।”

आगामी एफआईएच प्रो लीग को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों की तैयारी पर मारिन ने कहा कि दिसंबर और जनवरी में होने वाले टूर्नामेंट के कार्यक्रम के आधार पर आगे की योजना बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा, “यह इस बात पर निर्भर करेगा कि खिलाड़ी दिसंबर और जनवरी में कौन से टूर्नामेंट खेलेंगी। मैं चाहता हूं कि वे मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा रहें, उन्हें पर्याप्त आराम मिले, लेकिन वे तैयार भी रहें। हॉकी इंडिया लीग जैसे टूर्नामेंट के बाद छोटे ब्रेक के तुरंत बाद फरवरी में अर्जेंटीना और जर्मनी के खिलाफ खेलना आसान नहीं होगा।”

मारिन ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय स्तर की लय में वापस लौटना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिस्पर्धा का स्तर घरेलू मुकाबलों से बहुत अलग होता है। हालांकि, यह सिर्फ भारत के साथ नहीं है, बल्कि हर देश के साथ ऐसा होता है। खिलाड़ियों को परिस्थितियों के अनुरूप ढलने के लिए समय चाहिए। इसलिए हमारे सामने बड़ी चुनौती यह होगी कि हम लड़कियों को कितनी जल्दी फिर से उस स्तर और लय में ला पाते हैं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776197 Articles

Share this story