भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व रैंकिंग में पहली बार पांचवें स्थान पर पहुंची
चीन पर 6-2 की जीत के बाद हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि, हॉकी इंडिया ने दी बधाई
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की विश्व रैंकिंग में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ पांचवां स्थान हासिल किया है। टीम ने मंगलवार को भोपाल में जारी मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में चीन को 6-2 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। मुकाबला भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेला गया।
भारतीय महिला हॉकी के सफर में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह टीम के लगातार अच्छे प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती है। अक्टूबर 2003 में शुरू हुई एफआईएच विश्व रैंकिंग में भारतीय महिला टीम ने पिछले वर्षों में लगातार सुधार किया है। पांचवें स्थान पर पहुंचना अब तक की उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।
भारतीय टीम की पिछली सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग छठी थी, जो उसने एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद मई-जून 2022 में हासिल की थी। टीम ने 2023 में भी छठा स्थान प्राप्त किया था। इससे पहले टोक्यो 2020 ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने के बाद भारतीय टीम आठवें स्थान पर पहुंची थी। वहीं, 2018 में एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद टीम ने नौवीं रैंकिंग हासिल की थी।
चीन के खिलाफ जीत टूर्नामेंट के लिहाज से भी खास रही। एफआईएच की ताजा रैंकिंग में चीन आठवें स्थान पर खिसक गया है। भारत की 6-2 की जीत महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में चीन के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने 2013 के संस्करण में चीन को 4-2 से हराया था। भोपाल में घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और अपने आक्रामक खेल तथा आत्मविश्वास का परिचय दिया।
वर्ष 2026 भारतीय महिला हॉकी के लिए यादगार रहा है। टीम ने साल की शुरुआत एफआईएच विश्व कप के लिए क्वालीफाई करके की और इसके बाद एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीता। मुख्य कोच श्योर्ड मारिन के मार्गदर्शन में टीम ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद इस टूर्नामेंट में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके बाद भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर 44 साल का इंतजार भी खत्म किया।
इन उपलब्धियों ने अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी में भारत की अग्रणी टीमों के बीच स्थिति को और मजबूत किया है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह ऐतिहासिक उपलब्धि है और भारतीय हॉकी के हर समर्थक के लिए जश्न मनाने का अवसर है। खिलाड़ियों ने पूरे साल शानदार चरित्र और दृढ़ संकल्प दिखाया है। उन्होंने अपनी मेहनत को बड़े मंचों पर परिणाम में बदला है।”
उन्होंने आगे कहा, “नेशंस कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने से लेकर 1974 के बाद विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने तक, इन खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी को गर्व करने के कई अवसर दिए हैं। विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंचना एक और महत्वपूर्ण कदम है। हमें विश्वास है कि इस टीम में आने वाले वर्षों में इससे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की क्षमता है।”
विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान की ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम अब अपनी जीत की लय बरकरार रखने और देश में महिला हॉकी के लिए यादगार रहे इस साल को और सफल बनाने के इरादे से आगे बढ़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

