महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: मलेशिया की चुनौती से पार पाना चाहेगा भारत

WhatsApp Channel Join Now
महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: मलेशिया की चुनौती से पार पाना चाहेगा भारत


भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। गत चैंपियन और विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के सेमीफाइनल में मलेशिया का सामना करेगी। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में होने वाले इस मुकाबले में भारतीय टीम लगातार पांच जीत के साथ लीग चरण में शीर्ष पर रहने के बाद अब फाइनल में जगह बनाने उतरेगी। घरेलू टीम की नजरें चौथी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने पर भी होंगी।

मुख्य कोच श्योर्ड मारिन के मार्गदर्शन में भारत ने टूर्नामेंट में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पांच मैचों में 15 अंक के साथ अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। गत चैंपियन टीम ने इस दौरान 23 गोल किए और केवल चार गोल खाए। उसका गोल अंतर प्लस 19 रहा। भोपाल में भारतीय टीम के अभियान में उसकी आक्रमण की गहराई और रक्षात्मक मजबूती प्रमुख रूप से सामने आई है। इसी प्रदर्शन के दम पर भारत अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की विश्व रैंकिंग में अपने इतिहास के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर पहुंचा।

दीपिका टूर्नामेंट की सबसे प्रभावशाली आक्रमण खिलाड़ियों में शामिल रही हैं। उन्होंने अब तक आठ गोल किए हैं और गोल करने वाली खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर हैं। इसमें थाईलैंड और चीन के खिलाफ उनकी हैट्रिक भी शामिल है। हालांकि, भारतीय टीम का आक्रमण केवल दीपिका पर निर्भर नहीं रहा है। ललरेमसियामी, नवनीत कौर, मुमताज खान, नेहा, साक्षी राणा और सुनेलिता टोप्पो ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मध्यपंक्ति में नवनीत ने मौके बनाने और पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं, कप्तान सलीमा टेटे ने गेंद को सही खिलाड़ियों तक पहुंचाने, मैदान पर अपनी सक्रियता और नेतृत्व से टीम को मजबूती दी है। साक्षी, सुनेलिता और नेहा के योगदान ने भी दिखाया है कि भारतीय टीम मैदान के अलग-अलग हिस्सों से आक्रमण तैयार कर सकती है और गोल के मौके बना सकती है। इस विविधता ने कोच मारिन को तेज आक्रमण और रणनीतिक रूप से पेनल्टी कॉर्नर का इस्तेमाल करने के कई विकल्प दिए हैं।

भारत के पेनल्टी कॉर्नर भी गोल हासिल करने का महत्वपूर्ण जरिया रहे हैं। इस मामले में दीपिका ने अहम भूमिका निभाई है। यदि मलेशिया रक्षात्मक रूप से पीछे रहकर भारतीय टीम को सर्कल में सीधे प्रवेश करने से रोकने की कोशिश करता है, तो भारत के लिए पेनल्टी कॉर्नर की रणनीतियों में विविधता बनाए रखना जरूरी होगा। दूसरी ओर, भारतीय आक्रमण को रोकने के लिए मलेशिया को सर्कल में भारत की पहुंच सीमित करनी होगी और पेनल्टी कॉर्नर के मौके नहीं देने होंगे।

मलेशिया की टीम पांच मैचों में सात अंक लेकर चौथे स्थान पर रही और नए आत्मविश्वास के साथ सेमीफाइनल में उतरेगी। लीग चरण में उसने चीन के खिलाफ 2-2 से मुकाबला बराबर किया और दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया। इसके बाद अंतिम लीग मैच में थाईलैंड के खिलाफ 4-0 की शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में मलेशिया ने खास जुझारूपन दिखाया। पहले तीन क्वार्टर तक मुकाबला गोलरहित रहने के बाद उसने अंतिम छह मिनट में चारों गोल किए।

नुरामिराह जुल्किफ्ली ने टूर्नामेंट में अब तक चार गोल किए हैं और वह मलेशिया की प्रमुख आक्रमण खिलाड़ियों में शामिल हैं। नूर अजर, अजमायरा अजरायरी, सिती मोहद और नूरमाइजातुल स्याफी ने भी गोल करने में योगदान दिया है। मलेशिया के आक्रमण में कई खिलाड़ियों की भागीदारी भारत के लिए रक्षात्मक चुनौती बढ़ा सकती है।

दोनों टीमें भोपाल में पहले भी आमने-सामने हो चुकी हैं। 19 नवंबर को लीग चरण के अपने शुरुआती मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया था। उस मैच में भारत ने शुरुआती झटके से उबरकर धीरे-धीरे मुकाबले पर अपना नियंत्रण स्थापित किया था।

मारिन की टीम के लिए मध्यपंक्ति पर नियंत्रण, सर्कल में प्रभावी प्रवेश और मिले मौकों को गोल में बदलना अहम होगा। पांच मैचों में केवल चार गोल खाना भारतीय रक्षापंक्ति की मजबूती को दर्शाता है। मुकाबले के दौरान खेल की गति पर नियंत्रण रखना, दबाव में गेंद अपने पास बनाए रखना और आक्रमण के मौकों का निर्णायक इस्तेमाल करना भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

मलेशिया की अंतिम मिनटों में गोल करने की क्षमता को देखते हुए भारतीय टीम को पूरे मुकाबले में अपनी रक्षात्मक व्यवस्था और तीव्रता बनाए रखनी होगी।

भारत ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब 2016, 2023 और 2024 में जीता है। अब उसकी नजर चौथी बार चैंपियन बनने पर है। ऐसा करने पर भारत इस प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम बन जाएगा। भोपाल में शुरू हुए इस संस्करण से पहले भारत और दक्षिण कोरिया तीन-तीन बार खिताब जीतकर बराबरी पर थे। ऐसे में खिताब का बचाव भारतीय महिला हॉकी की बढ़ती प्रतिष्ठा में एक और उपलब्धि जोड़ सकता है।

शुक्रवार को पहला सेमीफाइनल जापान और चीन के बीच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद भारत और मलेशिया की टीमें शाम 7 बजे आमने-सामने होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story