महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय हॉकी टीम घोषित, सलीमा टेटे संभालेंगी कप्तानी

WhatsApp Channel Join Now
महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय हॉकी टीम घोषित, सलीमा टेटे संभालेंगी कप्तानी


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी। मिडफील्डर सलीमा टेटे टीम की कप्तानी जारी रखेंगी। यह टीम पिछले महीने जापान में हुए एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलेगी।

टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर, नाथू बरखेड़ा में किया जाएगा। मेजबान भारत मौजूदा चैंपियन होने के साथ तीन बार इस खिताब को जीत चुका है। भारतीय टीम ने 2016, 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब उसकी नजर लगातार तीसरी और कुल चौथी बार चैंपियन बनने पर होगी।

इस छह देशों के टूर्नामेंट में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। भारत की तरह दक्षिण कोरिया भी तीन बार यह खिताब जीत चुका है।

प्रतियोगिता राउंड रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी। प्रत्येक टीम लीग चरण में अन्य पांच टीमों से एक-एक बार भिड़ेगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

मुख्य कोच सजॉर्ड मारिजने ने कहा, “यह मेरे लिए अन्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देने का समय है। कुछ खिलाड़ी अपनी सामान्य भूमिका से अलग स्थानों पर खेलेंगी, ताकि मैं देख सकूं कि वे नई भूमिका में कैसा प्रदर्शन करती हैं। हम घरेलू दर्शकों के सामने खेलने और साल का शानदार अंत करने के लिए उत्साहित हैं।”

19 नवंबर को मलेशिया से पहला मुकाबला

टूर्नामेंट के पहले दिन एशिया की शीर्ष रैंकिंग वाली टीम चीन का सामना थाईलैंड से होगा। उद्घाटन समारोह के बाद भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ करेगी।

भारत का दूसरा मुकाबला 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से, तीसरा मुकाबला 22 नवंबर को थाईलैंड से, चौथा मुकाबला 24 नवंबर को चीन से और लीग चरण का अंतिम मैच 25 नवंबर को जापान के खिलाफ होगा। सेमीफाइनल मुकाबले 27 नवंबर को और पदक के लिए मुकाबले 28 नवंबर को खेले जाएंगे।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, “मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 हमारी टीम के लिए एशियाई खेलों की ऐतिहासिक जीत की लय को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। घरेलू समर्थकों के सामने खेलना खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा होगी। मुझे विश्वास है कि खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगी और देश को गौरवान्वित करेंगी।”

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “हमें खुशी है कि मध्य प्रदेश एशिया की कुछ बेहतरीन हॉकी टीमों की मेजबानी करने जा रहा है। हमारी महिला टीम का साल शानदार रहा है, जिसमें एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक सबसे बड़ी उपलब्धि रहा। यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का एक और अवसर देगा। मौजूदा चैंपियन होने के नाते टीम अपनी जीत की लय बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध होगी। हमें रोमांचक मुकाबलों और मध्य प्रदेश के हॉकी प्रशंसकों के मजबूत समर्थन की उम्मीद है।”

भारतीय टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: बंसरी सोलंकी, बिचू देवी खरीबाम।

डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू, ललथांतलुआंगी, पूजा साहू।

मिडफील्डर: रुतुजा दादासो पिसाल, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका।

फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी, मुमताज खान।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774702 Articles

Share this story