हॉकी इंडिया के चुनाव का रास्ता साफ, पांच दिसंबर को होंगे मतदान

WhatsApp Channel Join Now
हॉकी इंडिया के चुनाव का रास्ता साफ, पांच दिसंबर को होंगे मतदान


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया के चुनाव को लेकर चल रहे कानूनी विवाद पर उच्चतम न्यायालय ने शनिवार को महत्वपूर्ण फैसला सुनाया।

हॉकी इंडिया की ओर से जारी एक बयान के अनुसार न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन और न्यायमूर्ति अरुण पल्ली की पीठ ने हॉकी इंडिया की ओर से दायर विशेष अनुमति याचिकाओं का निपटारा करते हुए ओडिशा उच्च न्यायालय के उन दोनों आदेशों को रद्द कर दिया, जिनमें हॉकी इंडिया की चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाई गई थी।

हॉकी इंडिया ने ओडिशा उच्च न्यायालय, कटक की ओर से छह नवंबर और 18 नवंबर 2026 को पारित आदेशों को चुनौती देते हुए विशेष अनुमति याचिका (सिविल) संख्या 40972 से 40974, 2026 दायर की थी। न्यायालय ने दोनों विवादित आदेशों को निरस्त करने के साथ लंबित रिट याचिका का भी निपटारा कर दिया।

न्यायालय ने निर्देश दिया कि हॉकी इंडिया के चुनाव पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराए जाएं। पीठ ने कहा कि खेल के हित प्रभावित नहीं होने चाहिए और चुनाव नहीं होने के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इसमें अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की ओर से हॉकी इंडिया की संबद्धता समाप्त किए जाने की आशंका भी शामिल है। उच्चतम न्यायालय के इस फैसले के बाद हॉकी इंडिया के चुनाव पांच दिसंबर 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराने का रास्ता साफ हो गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784572 Articles

Share this story