एशियन गेम्स : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बांग्लादेश को 10-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में पाकिस्तान से होगी भिड़ंत

WhatsApp Channel Join Now
एशियन गेम्स : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बांग्लादेश को 10-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में पाकिस्तान से होगी भिड़ंत


काकामिगाहारा, 28 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स-2026 में अपने पूल ए अभियान का शानदार अंदाज में अंत करते हुए बांग्लादेश को 10-0 से हरा दिया। लगातार पांचवीं जीत के साथ भारत ने पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया और अब 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगा। दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे।

भारी बारिश और पानी से भरे मैदान के बावजूद भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि शिलानंद लाकड़ा ने दो गोल किए। भारत की पूल ए में यह पांचवीं लगातार जीत रही और टीम ने अपने अभियान का अंत प्लस 45 के गोल अंतर के साथ किया।

मैच की शुरुआत बारिश के कारण 30 मिनट की देरी से हुई। इसके बावजूद भारत ने तीसरे मिनट में ही बढ़त बना ली। अभिषेक ने शानदार रिवर्स हिट के जरिए गेंद को बांग्लादेशी गोलकीपर के पार पहुंचाकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भारत को 22वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला। जुगराज सिंह ने इसे आसानी से गोल में बदलकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद 27वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जोरदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में सुखजीत सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी। 40वें मिनट में हरमनप्रीत ने एक बार फिर पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-0 किया।

इसके बाद शिलानंद लाकड़ा ने 44वें और 45वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर भारत की बढ़त 7-0 कर दी। 45वें मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना तीसरा गोल किया और हैट्रिक पूरी करते हुए भारत को 8-0 की बढ़त दिला दी।

अंतिम क्वार्टर में लगातार तेज बारिश के कारण मैदान पर पानी और बढ़ गया, जिससे दोनों टीमों के लिए गेंद को तेजी से आगे बढ़ाना मुश्किल रहा। इसके बावजूद भारत ने दो और गोल किए। संजय ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल कर भारत को 9-0 से आगे किया, जबकि 60वें मिनट में मनदीप सिंह ने रिबाउंड पर गोल कर भारत की जीत 10-0 कर दी।

इस जीत के साथ भारत ने पूल ए में इंडोनेशिया, श्रीलंका, जापान, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश को हराया। अब टीम दो दिन के विश्राम के बाद 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उतरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story