हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: जालंधर और मोहाली में दर्शकों को मिलेगा मुफ्त प्रवेश
नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने पुरुष हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 के लिए दर्शकों को मुफ्त प्रवेश देने की घोषणा की है। टूर्नामेंट का नौवां संस्करण 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के जालंधर और मोहाली में खेला जाएगा। इसके साथ ही पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी होगी।
टूर्नामेंट के मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। दोनों मैदानों पर कुल 20 मुकाबले आयोजित होंगे। लीग चरण के सभी मैच 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर में खेले जाएंगे, जबकि 4 और 5 नवंबर को सेमीफाइनल तथा पदक मुकाबले मोहाली में होंगे।
इस लिंक से बनवाएं मुफ्त प्रवेश पास
दर्शक टूर्नामेंट के मुकाबले देखने के लिए मुफ्त प्रवेश पास ऑनलाइन बनवा सकते हैं। इसके लिए हॉकी इंडिया की ओर से जारी लिंक [https://ticketgenie.in/Event/Mens-Asian-Champions-Trophy-2026](https://ticketgenie.in/Event/Mens-Asian-Champions-Trophy-2026) पर जाकर पंजीकरण करना होगा। दर्शक टिकट जिनी की वेबसाइट [www.ticketgenie.in](http://www.ticketgenie.in) या उसके मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से भी प्रवेश पास प्राप्त कर सकते हैं।
पंजीकरण के बाद दर्शक मुकाबलों की सूची में से अपनी पसंद के मैच चुन सकेंगे। इसके बाद उन्हें क्यूआर कोड वाला डिजिटल प्रवेश पास मिलेगा। स्टेडियम में प्रवेश के समय इस क्यूआर कोड को स्कैन कराना अनिवार्य होगा।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि मुफ्त प्रवेश का उद्देश्य अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम तक लाना और उन्हें शीर्ष स्तर की अंतरराष्ट्रीय हॉकी का रोमांच महसूस करने का अवसर देना है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने दोनों मैदानों पर दर्शकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब में हॉकी का विशेष स्थान है। संस्था चाहती है कि परिवार, युवा खिलाड़ी और हॉकी प्रेमी एशिया की शीर्ष टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों का हिस्सा बनें। मुफ्त प्रवेश इसी दिशा में एक कदम है।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ करेगी। इसके बाद भारत का सामना 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, 1 नवंबर को मलेशिया और 2 नवंबर को दक्षिण कोरिया से होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

