एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 क्वालिफायर के लिए हैदराबाद पहुंची ऑस्ट्रिया की टीम

WhatsApp Channel Join Now
एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 क्वालिफायर के लिए हैदराबाद पहुंची ऑस्ट्रिया की टीम


हैदराबाद, 05 मार्च (हि.स.)। ऑस्ट्रिया की महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 क्वालिफायर में भाग लेने के लिए गुरुवार को हैदराबाद पहुंच गई। हैदराबाद, तेलंगाना में होने वाले इस टूर्नामेंट में आठ देश हिस्सा लेंगे, जहां से तीन टीमें इस साल अगस्त में एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई करेंगी। यह विश्व कप बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित किया जाएगा।

ऑस्ट्रिया का एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप में समृद्ध इतिहास रहा है। टीम ने इस प्रतियोगिता के शुरुआती चार संस्करणों में से तीन में भाग लिया था। हालांकि, ऑस्ट्रिया 1981 के बाद से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाया है।

कप्तान जोहाना चेक के नेतृत्व में ऑस्ट्रिया की टीम पूल-ए में इंग्लैंड, इटली और कोरिया के साथ मुकाबला करेगी। टीम का लक्ष्य 45 वर्षों बाद विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर इतिहास रचना है।

कप्तान जोहाना चेक ने टूर्नामेंट को लेकर कहा, “हम सबके लिए यह भारत में पहली बार है, इसलिए हम काफी उत्साहित हैं और अच्छा हॉकी खेलना चाहते हैं। टूर्नामेंट से पहले हमारी तैयारी थोड़ी कम रही क्योंकि हमें केवल एक प्रशिक्षण सत्र मिला, लेकिन हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। यहां मैचों से पहले हमें कुछ और अभ्यास सत्र मिलेंगे और हम मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देंगे।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story