एफआईएच वर्ल्ड कप : क्वालीफायर के लिए भारत और स्कॉटलैंड की महिला हॉकी टीमें हैदराबाद पहुंचीं

WhatsApp Channel Join Now
एफआईएच वर्ल्ड कप : क्वालीफायर के लिए भारत और स्कॉटलैंड की महिला हॉकी टीमें हैदराबाद पहुंचीं


हैदराबाद, 01 मार्च (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम रविवार दोपहर हैदराबाद पहुंची, जहां 8 से 14 मार्च तक एफआईएच वर्ल्ड कप का क्वालीफायर टूर्नामेंट होगा। स्कॉटलैंड की महिला हॉकी टीम भी आज शहर पहुंच गई, जिसके साथ ही आठ देशों के इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट का माहौल बनना शुरू हो गया है।

इस क्वालीफायर टूर्नामेंट में विश्व कप के लिए तीन स्थान दांव पर हैं। ऐसे में दोनों टीमें शुरुआती दिनों में परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालकर प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत करने का लक्ष्य रखेंगी।

मेजबान भारतीय टीम घरेलू परिस्थितियों और स्थानीय दर्शकों के समर्थन का पूरा लाभ उठाने की कोशिश करेगी। टीम हाल ही में बेंगलुरू में एक महीने के विशेष प्रशिक्षण शिविर के बाद यहां पहुंची है। इस शिविर में खिलाड़ियों ने फिटनेस, कंडीशनिंग और रणनीतिक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया, ताकि टूर्नामेंट की चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार रहा जा सके।

भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने टीम की तैयारियों पर कहा, “हम हैदराबाद आकर बेहद खुश हैं। अपने घर में खेलना हमेशा खास होता है। पिछले कुछ हफ्तों में हमने अच्छी तैयारी की है और टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है। हमारा लक्ष्य साफ है—हर मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना। घरेलू दर्शकों का समर्थन हमें निश्चित रूप से प्रेरित करेगा।”

स्कॉटलैंड की कप्तान सारा रॉबर्टसन ने कहा, “यह हमारा भारत का पहला दौरा है। हम आगे आने वाली चुनौती को लेकर उत्साहित हैं। हमारा लक्ष्य भी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना है। हमें पता है कि चुनौती कठिन है, लेकिन हम इसके लिए तैयार हैं।”

टूर्नामेंट में भारत और स्कॉटलैंड को पूल-बी में रखा गया है, जहां उनके साथ उरुग्वे और वेल्स की टीमें भी शामिल हैं। भारत अपने अभियान की शुरुआत 8 मार्च को उरुग्वे के खिलाफ करेगा, इसके बाद 9 मार्च को स्कॉटलैंड और 11 मार्च को वेल्स से मुकाबला खेलेगा। वहीं स्कॉटलैंड 8 मार्च को वेल्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा और 11 मार्च को उरुग्वे से भिड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story