दिल्ली विश्वविद्यालय हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन श्याम लाल, खालसा, हंसराज और श्रीराम कॉलेज क्वार्टरफाइनल में पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली विश्वविद्यालय हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन श्याम लाल, खालसा, हंसराज और श्रीराम कॉलेज क्वार्टरफाइनल में पहुंचे


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय अंतर-कॉलेज हॉकी (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट 2026-27 के दूसरे दिन पुरुष वर्ग में मेजबान श्याम लाल कॉलेज (प्रातः), श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, हंसराज कॉलेज और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सुपर लीग में प्रवेश कर लिया।

मेजबान श्याम लाल कॉलेज ने किरोड़ीमल कॉलेज को 7-0 से करारी शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से नवीन बिधूड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए, जबकि प्रत्यूष सिंह जग्गी और नंदकिशोर ने दो-दो गोल दागे।

दूसरे मुकाबले में श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज और इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंसेज के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और स्कोर 0-0 रहा। इसके बाद टाईब्रेकर में खालसा कॉलेज ने 3-1 से जीत दर्ज कर सुपर लीग में जगह बनाई।

हंसराज कॉलेज ने सेंट स्टीफंस कॉलेज को 3-0 से हराया। हंसराज कॉलेज की ओर से हर्ष ने दो गोल किए, जबकि रवि राज ने एक गोल दागा।

श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने राजधानी कॉलेज को 7-0 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से इंद्रपाल ने दो गोल किए, जबकि रक्षित सिंह, चिराग, आयुष, अनमोल सिंह और मनसिमरन ने एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story