एशियाई खेल: जापान को हराकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल में

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल: जापान को हराकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल में


गिफू, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को एशियाई खेलों के पूल ए मुकाबले में मेजबान जापान को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत के लिए अभिषेक और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल किए।

पहले क्वार्टर के अंतिम मिनट में अभिषेक ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

जापान ने कई बार गोल करने के मौके बनाए लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा और मोहित एच. एस. ने शानदार बचाव करते हुए मेजबान टीम को गोल करने से रोक दिया और भारत का क्लीन शीट बरकरार रखा।

जापान की पेनल्टी कॉर्नर डिफेंस भी प्रभावी रही और उसने भारतीय ड्रैगफ्लिकरों को लंबे समय तक गोल करने से रोके रखा। हालांकि, तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत ने आखिरकार जापान के मजबूत डिफेंस को भेदते हुए भारत की बढ़त दोगुनी कर दी।

पूरे मुकाबले के दौरान हल्की बारिश होती रही, जिससे दोनों टीमों को गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने में परेशानी हुई। दूसरे क्वार्टर में जापान ने लगातार हमले किए, लेकिन दूसरे गोल के बाद भारत ने खेल पर अधिक नियंत्रण हासिल कर लिया।

चार पूल मैचों में चार जीत के साथ भारत के 12 अंक हो गए हैं। जापान और दक्षिण कोरिया के खाते में नौ-नौ अंक हैं और दोनों टीमें अपने अंतिम पूल मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

भारत का पूल चरण का आखिरी मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story