एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का कार्यक्रम घोषित, 27 अक्टूबर को भारत-बांग्लादेश मुकाबले से आगाज
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पुरुषों की हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 के मैचों का कार्यक्रम शुक्रवार को एशियाई हॉकी महासंघ ने घोषित कर दिया। लीग चरण के मुकाबले 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर में होंगे, जबकि सेमीफाइनल और पदक मुकाबले 4 और 5 नवंबर को मोहाली में खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट के मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 27 अक्टूबर को होगा। इसके तुरंत बाद भारत अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ करेगा।
भारत के सभी लीग मैच शाम सात बजे
प्रतियोगिता में भारत, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी छह टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। प्रत्येक टीम पांच मुकाबले खेलेगी और अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
भारत अपने सभी लीग मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे खेलेगा। भारतीय टीम 27 अक्टूबर को बांग्लादेश, 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, 1 नवंबर को मलेशिया और 2 नवंबर को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी। टूर्नामेंट में 28 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 3 नवंबर को विश्राम दिवस रहेंगे। सेमीफाइनल 4 नवंबर को और कांस्य पदक तथा स्वर्ण पदक के मुकाबले 5 नवंबर को खेले जाएंगे।
खिताब बचाने उतरेगा भारत
भारत इस प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम है। भारतीय टीम ने 2011, 2016, 2018 (पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता), 2023 और 2024 में खिताब जीता है। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम हाल ही में जापान में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक लगातार दूसरी बार जीतकर लौटी है। वह इस टूर्नामेंट में सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम के रूप में उतरेगी और घरेलू दर्शकों के सामने एक और खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
पंजाब को भारतीय हॉकी की नर्सरी माना जाता है। राज्य ने देश को कई दिग्गज हॉकी खिलाड़ी दिए हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की पंजाब में वापसी से स्थानीय प्रशंसकों को शीर्ष स्तर के मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।
हॉकी इंडिया ने जताया उत्साह
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, “मैच कार्यक्रम की घोषणा से हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। हमें एशिया की विभिन्न टीमों का पंजाब में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। हम उच्च स्तरीय हॉकी मुकाबले देखने के लिए उत्सुक हैं।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही टूर्नामेंट की उलटी गिनती शुरू हो गई है। हॉकी इंडिया को भाग लेने वाले देशों की मेजबानी करने और पंजाब के जुनून तथा आतिथ्य को प्रदर्शित करने पर गर्व है। हमें एक रोमांचक और प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट की उम्मीद है, जो प्रशंसकों को खेल के करीब लाएगा और प्रत्येक टीम को सर्वोच्च स्तर पर प्रदर्शन का अवसर देगा।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

