रोरी मैकइलरॉय डीपी वर्ल्ड इंडिया चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने को मैकइलरॉय तैयार

WhatsApp Channel Join Now
रोरी मैकइलरॉय डीपी वर्ल्ड इंडिया चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने को मैकइलरॉय तैयार


- दिल्ली गोल्फ क्लब में 15 से 18 अक्टूबर तक होगी यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता

नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। विश्व के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ियों में शामिल रोरी मैकइलरॉय एक बार फिर डीपी वर्ल्ड इंडिया चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 15 से 18 अक्टूबर तक दिल्ली गोल्फ क्लब में आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने दर्शकों के लिए टिकट पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी और करियर ग्रैंड स्लैम विजेता मैकइलरॉय ने पिछले सत्र में भारत में अपने पहले प्रदर्शन से दर्शकों को काफी प्रभावित किया था। अब वे 40 लाख अमेरिकी डॉलर की इस बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार भाग लेंगे। मैकइलरॉय ने पिछले वर्ष ऑगस्टा नेशनल गोल्फ क्लब में यादगार जीत के साथ करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था। इससे पहले वे 2011 के यूएस ओपन, 2012 और 2014 की पीजीए चैम्पियनशिप और 2014 के द ओपन में जीत दर्ज कर चुके हैं।

उत्तरी आयरलैंड के इस स्टार खिलाड़ी का 2025 सत्र भी शानदार रहा, जिसमें उन्होंने आयरिश ओपन का खिताब दोबारा जीता और पीजीए टूर पर दो और जीत हासिल की। इसके अलावा उन्होंने यूरोप को राइडर कप में 2012 के बाद पहली बार विदेशी धरती पर जीत दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सातवीं बार रेस टू दुबई का खिताब भी अपने नाम किया।

इस प्रतियोगिता में मैकइलरॉय के साथ दुनिया के अन्य शीर्ष खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। 2025 के विजेता टॉमी फ्लीटवुड भी दिल्ली में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

डीपी वर्ल्ड और डीपी वर्ल्ड टूर ने इस प्रतियोगिता की शुरुआत 2025 में की थी। यह टूर्नामेंट प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के साथ संयुक्त रूप से आयोजित किया जाता है और भारत में आयोजित डीपी वर्ल्ड टूर के किसी भी आयोजन का अब तक का सबसे बड़ा पुरस्कार धनराशि प्रदान करता है।

मैकइलरॉय ने कहा कि उन्हें वैश्विक स्तर पर खेलने में हमेशा आनंद आता है और भारत में पिछले अनुभव को वे यादगार मानते हैं। उन्होंने भारतीय दर्शकों की सराहना करते हुए अक्टूबर में फिर से दिल्ली लौटने पर खुशी जताई।

यह प्रतियोगिता भारत में गोल्फ के बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है और देश को वैश्विक खेल मानचित्र पर और मजबूत बनाती है। टूर्नामेंट रेस टू दुबई के अंतिम चरण का अहम हिस्सा होगा, जिसका समापन नवंबर में दुबई में होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story