एएम ग्रीन आईजीपीएल: आर्यन रूपा आनंद ने कांगो में जीता पहला खिताब, प्ले-ऑफ में उदयन माने को हराया

WhatsApp Channel Join Now
एएम ग्रीन आईजीपीएल: आर्यन रूपा आनंद ने कांगो में जीता पहला खिताब, प्ले-ऑफ में उदयन माने को हराया


लुबुंबाशी (कांगो), 23 अप्रैल (हि.स.)। एएम ग्रीन इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) इनविटेशनल कांगो में भारत के युवा गोल्फर आर्यन रूपा आनंद ने अपना पहला खिताब जीत लिया। लुबुंबाशी के पार-73 गोल्फ कोर्स पर खेले गए इस टूर्नामेंट में आर्यन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्ले-ऑफ में उदयन माने को हराया।

आर्यन ने अंतिम दिन 8-अंडर 65 का बेहतरीन कार्ड खेलते हुए कुल 16-अंडर स्कोर बनाया। वहीं उदयन माने ने भी जोरदार वापसी करते हुए 17वें होल पर ईगल और 18वें होल पर बर्डी लगाकर स्कोर बराबर कर दिया, जिससे मुकाबला प्ले-ऑफ में पहुंच गया। पहले दो प्ले-ऑफ होल में दोनों खिलाड़ी बराबरी पर रहे, लेकिन तीसरे होल में आर्यन ने बढ़त बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली।

यह जीत आर्यन के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है और इसके लिए उन्हें 22.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली। शौर्य बीनू 15-अंडर स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं मन्नत बरार 13-अंडर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहकर टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बनीं।

अन्य खिलाड़ियों में अमन राज और तुषार पन्नू भी 13-अंडर स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे।

टीम स्पर्धा में एट्री मुंबई ने 32-अंडर स्कोर के साथ खिताब जीता और ओवरऑल स्टैंडिंग में बढ़त हासिल कर ली। टीम की जीत में उदयन माने, तुषार पन्नू और अमन राज का अहम योगदान रहा। ओवरऑल अंक तालिका में एट्री मुंबई 270 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि ग्रीन फ्यूल्स विजाग 220 अंकों के साथ दूसरे और आरवीआर दिल्ली 210 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

मैसूर में जन्मे आर्यन रूपा आनंद ने कम उम्र में गोल्फ खेलना शुरू किया और 2023 में प्रोफेशनल बनने के बाद लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। कई बार खिताब के करीब पहुंचने के बाद उन्होंने कांगो में आखिरकार अपनी पहली बड़ी जीत दर्ज की।

एएम ग्रीन आईजीपीएल भारत में गोल्फ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई एक पेशेवर लीग है, जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story