एएफसी एशियन कप 2027 के लिए वियतनाम क्वालीफाई, मलेशिया बाहर

WhatsApp Channel Join Now
एएफसी एशियन कप 2027 के लिए वियतनाम क्वालीफाई, मलेशिया बाहर


कुआलालंपुर, 17 मार्च (हि.स.)। एएफसी एशियन कप 2027 की दौड़ में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। एशियाई फुटबॉल महासंघ की अनुशासन एवं नैतिकता समिति के फैसले के बाद मलेशिया को बाहर कर दिया गया, जबकि वियतनाम ने टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह फैसला मलेशिया के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है, जबकि वियतनाम के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

जहांगीर बगलारी की अध्यक्षता वाली एशियाई फुटबॉल महासंघ की अनुशासन एवं नैतिकता समिति ने पाया कि मलेशिया फुटबॉल संघ ने नियमों का उल्लंघन किया है। जांच में सामने आया कि टीम ने क्वालीफायर मुकाबलों में अयोग्य खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा था। यह कार्रवाई वियतनाम और नेपाल के खिलाफ खेले गए उन मुकाबलों को लेकर की गई, जिनमें मलेशिया ने क्रमशः 4-0 और 2-0 से जीत दर्ज की थी। समिति ने नियमों के तहत इन दोनों मैचों में मलेशिया को 3-0 से पराजित घोषित कर दिया।

मलेशिया फुटबॉल संघ ने अपने बयान में बताया कि इस फैसले के तहत उस पर 50 हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है। साथ ही, संघ ने कहा है कि वह इस निर्णय के कारणों को जानने के लिए लिखित अनुरोध करेगा और आगे की कार्रवाई पर विचार करेगा।

इस फैसले के बाद वियतनाम ने एएफसी एशियन कप 2027 के लिए स्थान पक्का कर लिया है। यह लगातार तीसरी बार होगा जब वियतनाम इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा। इससे पहले वर्ष 2019 में टीम ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story