अंडर-20 महिला एशियन कप में भारत ने चीनी ताइपे को हराया, क्वार्टरफाइनल की उम्मीदें जिंदा

WhatsApp Channel Join Now
अंडर-20 महिला एशियन कप में भारत ने चीनी ताइपे को हराया, क्वार्टरफाइनल की उम्मीदें जिंदा


नई दिल्ली/थाईलैंड, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारत अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम ने चीनी ताइपे को 3-1 से हराकर एएफसी अंडर-20 महिला एशियन कप 2026 के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। यह मुकाबला थाईलैंड के पाथुम थानी स्टेडियम में बुधवार को खेला गया।

भारतीय टीम ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया। भारत की ओर से भूमिका देवी खुमुकचाम ने 26वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि सिबानी देवी ने 32वें और 87वें मिनट में दो गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। चीनी ताइपे के लिए काओ ह्सिन ने इंजरी टाइम (90+3 मिनट) में एकमात्र गोल किया।

भारतीय टीम आखिरी बार 2004 में इस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में पहुंची थी, जो इस प्रतियोगिता में उसकी अंतिम उपस्थिति भी थी। अब भारतीय टीम की नजर ग्रुप-बी के मुकाबले पर टिकी है, जहां उजबेकिस्तान और जॉर्डन के बीच होने वाला मैच निर्णायक साबित होगा। भारत को क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने के लिए इस मैच के ड्रॉ रहने की उम्मीद करनी होगी। अगर इस मुकाबले में किसी एक टीम की जीत होती है, तो भारत के सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान की टीम के रूप में क्वालिफाई करने की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी।

मुख्य कोच जोकिम एलेक्जेंडरसन की अगुवाई में टीम ने इस टूर्नामेंट में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story