शंघाई में खुला क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अनूठा संग्रहालय

WhatsApp Channel Join Now
शंघाई में खुला क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अनूठा संग्रहालय


शंघाई, 23 नवंबर (हि.स.)। पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को समर्पित संग्रहालय 21 नवंबर को शंघाई में खोला गया। चीनी मुख्यभूमि में अपनी तरह का यह पहला संग्रहालय है, जो रोनाल्डो के करियर और उपलब्धियों को दर्शाता है।

सीआर7 संग्रहालय शंघाई नंबर-1 शॉपिंग सेंटर में करीब तीन हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया गया है। संग्रहालय के बाहर रोनाल्डो की मशहूर ‘सिउ’ गोल सेलिब्रेशन मुद्रा में सात मीटर ऊंची प्रतिमा लगाई गई है। इसे पुर्तगाली फुटबॉलर की दुनिया की सबसे ऊंची पूर्ण आकार की प्रतिमा बताया जा रहा है।

संग्रहालय के अंदर लगी प्रदर्शनी में रोनाल्डो के बचपन से लेकर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सुपरस्टार बनने तक के सफर को दर्शाया गया है। इसके एक हिस्से में लिस्बन में स्पोर्टिंग सीपी के लिए खेलते समय युवा खिलाड़ी के रूप में रोनाल्डो के छात्रावास के कमरे को फिर से तैयार किया गया है। वहां गुलाबी चादर वाले बिस्तर और दीवार पर लिखा संदेश उनके उस सपने की याद दिलाता है, जिसमें उन्होंने कहा था, “एक दिन मैं दुनिया का सर्वश्रेष्ठ सात नंबर का खिलाड़ी बनूंगा।”

संग्रहालय में बैठक कक्ष, क्लबों के ड्रेसिंग रूम और सऊदी अरब के क्लब अल नासर की खिलाड़ियों की सुरंग जैसे अन्य स्थानों की भी प्रतिकृतियां बनाई गई हैं।

यहां 50 से अधिक वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं। इनमें ट्रॉफियां, जर्सी और फुटबॉल जूते शामिल हैं, जिन्हें रोनाल्डो के गृहनगर मदीरा से शंघाई लाया गया है। इनमें से कई वस्तुओं को पहली बार चीनी मुख्यभूमि में प्रदर्शित किया जा रहा है।

प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षणों में रोनाल्डो का 2008 का बैलन डी'ओर पुरस्कार, यूरोपीय चैंपियनशिप की ट्रॉफी और एक मैच में पहने गए फुटबॉल जूते शामिल हैं। संग्रह में रियल मैड्रिड के लिए उनके 350वें गोल की याद में तैयार की गई जर्सी भी रखी गई है। इस पर कोच जिनेदिन जिदान और पूरी टीम के हस्ताक्षर हैं। रोनाल्डो ने शंघाई के इस संग्रहालय के लिए भी एक जर्सी पर अपने हस्ताक्षर किए हैं।

संग्रहालय में गोलकीपिंग की एक इंटरैक्टिव चुनौती भी रखी गई है। इसमें आगंतुक रोनाल्डो के 2018 में युवेंटस के खिलाफ लगाए गए शानदार ओवरहेड किक से प्रेरित आभासी शॉट को रोककर अपनी प्रतिक्रिया क्षमता परख सकते हैं। उस मुकाबले में गोल करने के लिए रोनाल्डो 2.38 मीटर की ऊंचाई तक उछले थे। बताया गया है कि उनके मूल शॉट की गति 71.3 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि संग्रहालय में इस चुनौती के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले आभासी शॉट की गति 28.1 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।

शॉपिंग सेंटर का संचालन करने वाले बैलियन समूह के लिए यह संग्रहालय खुदरा कारोबार को सांस्कृतिक, पर्यटन और खेल अनुभवों से जोड़ने की एक और पहल है। इस वर्ष समूह की अन्य पहलों में विश्व कप की थीम पर आयोजित उत्सव भी शामिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story