फुटबॉल प्रीमियर लीग 2026-27 का कार्यक्रम घोषित, आर्सेनल और कोवेंट्री के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला

WhatsApp Channel Join Now
फुटबॉल प्रीमियर लीग 2026-27 का कार्यक्रम घोषित, आर्सेनल और कोवेंट्री के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला


लंदन, 19 जून (हि.स.)। फुटबॉल प्रीमियर लीग 2026-27 सीजन के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। मौजूदा चैंपियन आर्सेनल अपने खिताब बचाव अभियान की शुरुआत घरेलू मैदान पर नवप्रवेशी कोवेंट्री के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला 21 अगस्त को खेला जाएगा और इसी के साथ नए सीजन का आगाज होगा।

दूसरी ओर, मैनचेस्टर सिटी नए युग की शुरुआत करेगी। पिछले दस वर्षों में पहली बार टीम पेप गार्डियोला के बिना मैदान पर उतरेगी और अपने पहले मैच में बोर्नमाउथ की मेजबानी करेगी। मैनचेस्टर यूनाइटेड को अपने शुरुआती मुकाबले में नवप्रवेशी हल सिटी के मैदान पर चुनौती का सामना करना होगा, जबकि लिवरपूल अपना पहला मैच न्यूकैसल के खिलाफ खेलेगा।

फुटबॉल प्रीमियर लीग प्रशासन ने इस बार सीजन को पिछले वर्ष की तुलना में एक सप्ताह बाद शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि फीफा विश्व कप के बाद खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम और रिकवरी का समय मिल सके।

सीज़न का अंतिम दौर 30 मई 2027 (रविवार) को खेला जाएगा, जो 5 जून 2027 को मैड्रिड में होने वाले यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल से छह दिन पहले समाप्त होगा।

इससे पहले नए सत्र का पारंपरिक उद्घाटन मुकाबला कम्युनिटी शील्ड के रूप में खेला जाएगा, जिसमें प्रीमियर लीग विजेता आर्सेनल और एफए कप विजेता मैनचेस्टर सिटी आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला 16 अगस्त को प्रिंसिपैलिटी स्टेडियम, कार्डिफ़ में होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story