फीफा विश्व कप 2026: नॉर्वे ने इराक को 4-1 से हराकर की विजयी शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
फीफा विश्व कप 2026: नॉर्वे ने इराक को 4-1 से हराकर की विजयी शुरुआत


बोस्टन, 17 जून (हि.स.)। स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालांड के शानदार दो गोलों की बदौलत नॉर्वे ने फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-आई मुकाबले में मंगलवार को इराक को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

28 वर्षों बाद विश्व कप में लौटी नॉर्वे की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पूरे अंक अपने नाम किए। मुकाबले में नॉर्वे ने 29वें मिनट में बढ़त बनाई, जब हालांड ने पहला गोल दागकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

हालांकि इराक ने हार नहीं मानी और 39वें मिनट में अयमन हुसैन ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। लेकिन बराबरी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पहले हाफ के अंत से ठीक पहले इराक की रक्षा पंक्ति की एक बड़ी गलती का फायदा उठाते हुए हालांड ने गलत बैकपास पर तेजी दिखाकर गेंद को जाल में पहुंचाया और नॉर्वे को फिर से बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में नॉर्वे ने खेल पर पकड़ मजबूत बनाए रखी। 76वें मिनट में लियो ओस्टिगार्ड ने कॉर्नर पर शानदार हेडर लगाकर टीम का तीसरा गोल किया। इसके बाद अतिरिक्त समय में इराक के खिलाड़ी अयमन के आत्मघाती गोल ने नॉर्वे की जीत पर मुहर लगा दी और मुकाबला 4-1 से समाप्त हुआ।

इस जीत के साथ नॉर्वे ने बेहतर गोल अंतर के आधार पर ग्रुप-आई में फ्रांस को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं इराक को अगले मुकाबले में वापसी के लिए बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story