नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने 2026-27 सीजन से पहले आशीर अख्तर और दीपेश चौहान का बढ़ाया करार

WhatsApp Channel Join Now
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने 2026-27 सीजन से पहले आशीर अख्तर और दीपेश चौहान का बढ़ाया करार


नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने 2026-27 सीजन से पहले आशीर अख्तर और दीपेश चौहान का बढ़ाया करार


गुवाहाटी, 11 जुलाई (हि.स.)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने 2026-27 सीजन से पहले अपने दो भारतीय खिलाड़ियों डिफेंडर आशीर अख्तर और गोलकीपर दीपेश चौहान का अनुबंध बढ़ाने की घोषणा की है। फुटबॉल क्लब ने शनिवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।

आशीर अख्तर ने क्लब के साथ एक साल का नया अनुबंध किया है, जबकि दीपेश चौहान ने लॉन्ग-टर्म कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत वह 2028-29 सीजन के अंत तक टीम के साथ बने रहेंगे। इस समझौते में क्लब के पास अनुबंध को दो साल और बढ़ाने का विकल्प भी रहेगा।

आशीर अख्तर 2023 में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से जुड़े थे और तब से टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2024 में क्लब को पहला डूरंड कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद 2025 में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने लगातार दूसरी बार डूरंड कप जीतकर 30 वर्षों से अधिक समय बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बनने का इतिहास रचा।

2025 डूरंड कप फाइनल में आशीर अख्तर ने पहला गोल दागा था, जिसके बाद नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने डायमंड हार्बर एफसी को 6-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

अनुबंध बढ़ने के बाद आशीर अख्तर ने कहा, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के साथ अपना सफर जारी रखने पर मुझे बेहद खुशी है। पिछले दो सीजन मेरे लिए शानदार रहे हैं और क्लब के इतिहास का हिस्सा बनना गर्व की बात है। क्लब ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं आगे भी अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा, हर परिस्थिति में अपने साथियों का साथ निभाऊंगा और क्लब को नई सफलताएं दिलाने के लिए पूरी मेहनत करूंगा।

हाल ही में एएफसी अंडर-23 एशियन कप क्वालिफायर के लिए भारतीय अंडर-23 टीम का हिस्सा रहे गोलकीपर दीपेश चौहान ने कहा, मैं क्लब का धन्यवाद करता हूं जिसने मुझ पर भरोसा जताया। यहां आने के बाद मैंने कोच, टीम के साथियों और क्लब से जुड़े हर व्यक्ति से बहुत कुछ सीखा है। हर दिन खुद को बेहतर बनाने का मौका है और मैं नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के लिए अपना शत-प्रतिशत देने के लिए उत्साहित हूं। आने वाले वर्षों में टीम के साथ नई उपलब्धियां हासिल करने का इंतजार है।

इन दोनों खिलाड़ियों के अनुबंध विस्तार से कुछ दिन पहले ही क्लब ने मोरक्को के स्टार फॉरवर्ड अलाउद्दीन अजाराई के साथ भी दो साल का नया अनुबंध किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story