प्रीमियर लीग के रिकॉर्डधारी जेम्स मिल्नर ने फुटबॉल को कहा अलविदा

WhatsApp Channel Join Now
प्रीमियर लीग के रिकॉर्डधारी जेम्स मिल्नर ने फुटबॉल को कहा अलविदा


लंदन, 01 जून (हि.स.)। इंग्लैंड के पूर्व मिडफील्डर जेम्स मिल्नर ने 40 वर्ष की उम्र में पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही उनके 24 वर्षों लंबे प्रीमियर लीग करियर का भी अंत हो गया। मिल्नर ने वर्ष 2019 में लिवरपूल को यूईएफए चैंपियंस लीग का खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

पिछले तीन सत्रों से ब्राइटन एंड होव एल्बियन का हिस्सा रहे मिल्नर ने अपने करियर की शुरुआत अपने बचपन के पसंदीदा क्लब लीड्स यूनाइटेड से की थी। इसके बाद उन्होंने मैनचेस्टर सिटी और लिवरपूल के लिए खेलते हुए तीन प्रीमियर लीग खिताब जीते। इनमें दो खिताब मैनचेस्टर सिटी और एक लिवरपूल के साथ शामिल है।

फरवरी, 2026 में ब्राइटन की ओर से ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने प्रीमियर लीग में सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने अपने करियर का समापन 658 प्रीमियर लीग मैचों के साथ किया।

संन्यास की घोषणा करते हुए जेम्स मिल्नर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “प्रीमियर लीग में 24 सत्र खेलने के बाद मुझे लगता है कि अब अपने खेल करियर को विराम देने का सही समय आ गया है। 16 वर्ष की उम्र में लीड्स यूनाइटेड के लिए पदार्पण करने और प्रीमियर लीग का सबसे युवा गोल स्कोरर बनने के बाद मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी यात्रा इतनी शानदार होगी।”

जेम्स मिल्नर को प्रीमियर लीग इतिहास के सबसे भरोसेमंद और बहुमुखी खिलाड़ियों में गिना जाता है। उनका करियर इंग्लिश फुटबॉल के सबसे सफल और लंबे करियरों में से एक माना जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story