एमबाप्पे ने तोड़ा मेसी का रिकॉर्ड, चैंपियंस लीग में 100 मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने

WhatsApp Channel Join Now
एमबाप्पे ने तोड़ा मेसी का रिकॉर्ड, चैंपियंस लीग में 100 मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने


नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। रियल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड किलियन एमबाप्पे ने यूईएफए चैंपियंस लीग में नया इतिहास रच दिया है। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 100 मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। एमबाप्पे ने बुधवार को रोम के स्टेडियो ओलिम्पिको में रोमा के खिलाफ रियल मैड्रिड की 4-3 की जीत के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।

एमबाप्पे ने 27 साल, नौ महीने और 25 दिन की उम्र में 100 चैंपियंस लीग मैच पूरे किए। उन्होंने अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने सितंबर 2015 में रोमा के खिलाफ ही 28 साल की उम्र में इस मुकाम को हासिल किया था।

रिकॉर्ड के साथ गोल भी किया

फ्रांस के इस स्टार खिलाड़ी ने उपलब्धि का जश्न पहले हाफ में बराबरी का गोल करके मनाया। उनके गोल ने रियल मैड्रिड की वापसी में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद टीम ने मुकाबले के अंतिम क्षणों में निर्णायक गोल करके 4-3 से जीत दर्ज की। इस गोल के साथ एमबाप्पे चैंपियंस लीग के सर्वकालीन सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में रियल मैड्रिड के पूर्व खिलाड़ी राउल गोंजालेज को पीछे छोड़कर पांचवें स्थान पर पहुंच गए।

17 साल की उम्र में किया था पदार्पण

एमबाप्पे ने सितंबर 2016 में मोनाको की ओर से 17 साल की उम्र में चैंपियंस लीग में पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी तेज रफ्तार, गोल करने की क्षमता और लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर यूरोपीय फुटबॉल में खास पहचान बनाई है। अब 100 मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने के साथ एमबाप्पे ने प्रतियोगिता के इतिहास में अपना नाम एक और उपलब्धि के साथ दर्ज करा लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761100 Articles

Share this story