ला लीगा: रियल बेटिस ने मैड्रिड को 1-0 से हराया, एमबापे पेनल्टी से भी नहीं दिला सके बराबरी

WhatsApp Channel Join Now
ला लीगा: रियल बेटिस ने मैड्रिड को 1-0 से हराया, एमबापे पेनल्टी से भी नहीं दिला सके बराबरी


सेविले, 05 सितंबर (हि.स.)। रियल बेटिस ने शुक्रवार को रियल मैड्रिड की ला लीगा में लगातार जीत की शुरुआत पर विराम लगा दिया। घरेलू टीम ने रोमांचक मुकाबले में मैड्रिड को 1-0 से हराया। ट्रॉय पैरॉट ने 81वें मिनट में निर्णायक गोल किया, जबकि गोलकीपर अल्वारो वालेस ने इंजरी टाइम में किलियन एमबापे की पेनल्टी रोककर बेटिस की जीत सुनिश्चित की।

मुकाबले की शुरुआत तेज गति से हुई, लेकिन सेविले की गर्मी में दूसरे हाफ के बाद खेल की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। 68वें मिनट में मैदान पर उतरे पैरॉट ने 81वें मिनट में बेटिस को बढ़त दिलाई। रियल मैड्रिड के गोलकीपर थिबो कूर्तुआ ने एक हेडर को रोकने की कोशिश की, लेकिन गेंद पैरॉट के सामने आ गई और उन्होंने तुरंत उसे गोल में पहुंचा दिया।

मैड्रिड ने बराबरी की कोशिश की। एमबापे ने चार मिनट बाद गेंद को क्रॉसबार पर दे मारा। इसके बाद विनिसियस जूनियर के क्रॉस पर स्थानापन्न खिलाड़ी कार्लोस एस्पी ने शानदार साइकिल किक से गेंद को गोल में पहुंचाया, लेकिन वीडियो सहायक रेफरी की समीक्षा के बाद ऑफसाइड के कारण गोल को रद्द कर दिया गया।

बेटिस की ओर से नेल्सन डिओसा ने भी लंबी दूरी से गोल करने का प्रयास किया। उन्होंने कूर्तुआ को गोल से बाहर देखा और दूर से शॉट लगाया, लेकिन मैड्रिड के गोलकीपर ने समय रहते वापसी करते हुए शानदार बचाव किया।

मैच के इंजरी टाइम में मैड्रिड को बराबरी का सबसे बड़ा मौका मिला। नातान ने पेनल्टी क्षेत्र के अंदर विनिसियस को गिरा दिया, जिसके बाद मैड्रिड को पेनल्टी मिली। एमबापे ने पेनल्टी ली, लेकिन बेटिस के गोलकीपर अल्वारो वालेस ने उनका शॉट रोक दिया।

इस बचाव के साथ बेटिस ने 1-0 की बढ़त बरकरार रखते हुए तीन अंक हासिल किए और रियल मैड्रिड की ला लीगा में परफेक्ट शुरुआत समाप्त कर दी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story