एएफसी एशियन कप 2027 क्वालीफायर के लिए भारत की 23 सदस्यीय टीम घोषित, कई बड़े बदलाव

WhatsApp Channel Join Now
एएफसी एशियन कप 2027 क्वालीफायर के लिए भारत की 23 सदस्यीय टीम घोषित, कई बड़े बदलाव


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने मंगलवार को हांगकांग के खिलाफ होने वाले एएफसी एशियन कप 2027 क्वालीफायर मुकाबले के लिए 23 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम में पिछली टीम की तुलना में 14 बदलाव किए गए हैं, जिससे साफ है कि कोच नई रणनीति के साथ उतरना चाहते हैं।

इस टीम में अल्बिनो गोम्स और बिजॉय वर्गीज को सरप्राइज एंट्री मिली है। अल्बिनो गोम्स लगभग एक दशक बाद राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं, जबकि बिजॉय वर्गीज को अभी तक सीनियर टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है।

हालांकि भारत के लिए इस मुकाबले में सिर्फ प्रतिष्ठा दांव पर होगी, क्योंकि टीम पहले ही एशियन कप की रेस से बाहर हो चुकी है। अब तक खेले गए मुकाबलों में भारत को तीन हार और दो ड्रॉ मिले हैं, जबकि एक भी जीत हासिल नहीं हुई है। पिछले मैच में भारत को हांगकांग के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

यह मुकाबला केरल के कोच्चि स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा। करीब 10 साल बाद इस मैदान पर भारतीय पुरुष टीम का अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित हो रहा है। इससे पहले यहां भारत और तुर्कमेनिस्तान के बीच फीफा विश्व कप क्वालीफायर खेला गया था।

भारत की टीम:

गोलकीपर: अल्बिनो गोम्स, गुरप्रीत सिंह संधू, विशाल कैथ।

डिफेंडर: अभिषेक सिंह टेकचाम, आकाश मिश्रा, अनवर अली, बिजॉय वर्गीज, निखिल पूजारी, रोशन सिंह नाओरेम, संदेश झिंगन, राहुल भेके।

मिडफील्डर: आशिक कुरुनियान, दानिश फारूक भट, जैक्सन सिंह थौनाओजाम, लालेंगमाविया राल्ते, साहल अब्दुल समद।

फॉरवर्ड: एडमंड लालरिंडिका, फरुख चौधरी, ललियानजुआला छांगटे, लिस्टन कोलाको, मनवीर सिंह, रहीम अली, रयान विलियम्स।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story