एएफसी अंडर-17 एशियाई कप क्वालीफायर : सिंगापुर के खिलाफ अभियान शुरू करेगा भारत

WhatsApp Channel Join Now
एएफसी अंडर-17 एशियाई कप क्वालीफायर : सिंगापुर के खिलाफ अभियान शुरू करेगा भारत


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। भारतीय अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम बुधवार को एएफसी अंडर-17 एशियाई कप 2027 क्वालीफायर के ग्रुप-ई में सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह मैच मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर स्थित कुआलालंपुर फुटबॉल स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे खेला जाएगा।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अनुसार, भारतीय टीम लगातार दूसरी बार एएफसी अंडर-17 एशियाई कप में जगह बनाने और अपने इतिहास में 11वीं बार इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।

ग्रुप-ई में भारत और सिंगापुर के अलावा मेजबान मलेशिया, फलस्तीन और गुआम की टीमें शामिल हैं। इस ग्रुप से केवल शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम ही 12 से 29 मई 2027 तक उज्बेकिस्तान में होने वाले एएफसी अंडर-17 एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करेगी।

ग्रुप की पांच टीमों में भारत इकलौती ऐसी टीम है, जिसने 2026 के एएफसी अंडर-17 एशियाई कप में भी हिस्सा लिया था। हालांकि, भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया और उज्बेकिस्तान से हार के बाद ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी थी।

म्यांमार और यूएई के खिलाफ खेले अभ्यास मैच

मुख्य कोच मेहराजुद्दीन वाडू के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने क्वालीफायर के लिए लंबी तैयारी की है। टीम का तैयारी शिविर सितंबर में गोवा में शुरू हुआ था। एक महीने तक चली चयन प्रक्रिया में 100 से अधिक खिलाड़ियों का आकलन किया गया, जिसके बाद क्वालीफायर के लिए 23 सदस्यीय अंतिम टीम चुनी गई।

भारतीय टीम ने अक्टूबर की शुरुआत में म्यांमार का दौरा किया, जहां मेजबान टीम के खिलाफ दो मैत्री मैच खेले। पहला मुकाबला 1-1 से बराबर रहा, जबकि दूसरे मैच में भारत ने 4-0 से जीत दर्ज की।

टीम की प्रगति पर मुख्य कोच वाडू ने कहा, “किसी टूर्नामेंट से पहले मैत्री मैच खेलना हमेशा महत्वपूर्ण होता है और इन मुकाबलों से हमें काफी अनुभव मिला। खिलाड़ियों ने अच्छी प्रगति दिखाई है और टीम जिस तरह आगे बढ़ रही है, उससे मैं खुश हूं।”

इसके बाद भारतीय टीम ने इसी महीने संयुक्त अरब अमीरात का दौरा किया और मेजबान टीम के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेले। पहला मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ, जबकि दूसरे मैच में भारत ने 4-1 से जीत हासिल कर अपनी तैयारियों का समापन किया।

यूएई के खिलाफ मुकाबलों को लेकर वाडू ने कहा, “हमारे पिछले प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में यूएई की टीम कहीं अधिक मजबूत चुनौती थी। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने शानदार जज्बा, दृढ़ संकल्प और संघर्ष की भावना दिखाई और सकारात्मक नतीजा हासिल किया। इस प्रदर्शन से क्वालीफायर से पहले टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।”

भारतीय टीम पांच नवंबर को कुआलालंपुर पहुंच गई थी और सिंगापुर के खिलाफ पहले मुकाबले की तैयारी में जुटी है। सिंगापुर ने मंगलवार को गुआम को 6-0 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। वहीं, एक अन्य मुकाबले में फलस्तीन ने मलेशिया को 2-0 से शिकस्त दी।

सिंगापुर के प्रदर्शन पर नजर रखने वाले वाडू ने कहा, “हमने गुआम के खिलाफ सिंगापुर का मुकाबला देखा। वह एक मजबूत टीम है। हालांकि, हमारा ध्यान अपनी खेल रणनीति को मैदान पर लागू करने पर रहेगा। यदि हम अपनी क्षमता के अनुरूप खेलते हैं तो मुकाबले पर हमारा नियंत्रण रहेगा और नतीजा भी सकारात्मक होगा।”

आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती पर जोर

वाडू ने खिलाड़ियों के तकनीकी, सामरिक और शारीरिक पहलुओं के साथ मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास पर भी विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा, “इस स्तर पर केवल प्रतिभा और कड़ी मेहनत पर्याप्त नहीं है। खिलाड़ियों को खुद पर विश्वास करना होगा, प्रक्रिया पर भरोसा रखना होगा और हर दिन की जा रही मेहनत पर यकीन करना होगा। अपने देश का प्रतिनिधित्व करते समय मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास बहुत बड़ा अंतर पैदा कर सकते हैं।”

राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के रूप में वाडू का यह पहला क्वालीफायर अभियान है। वह इससे पहले खिलाड़ी के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “एक खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब कोच के रूप में देश की सेवा करने का अवसर मिलना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य है। युवा खिलाड़ियों के इस समूह का नेतृत्व करते हुए मुझे गर्व और खुशी हो रही है। हमने कड़ी मेहनत की है और हमारा लक्ष्य स्पष्ट है। हम अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं, पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा करना चाहते हैं और अपने अंतिम लक्ष्य यानी एएफसी अंडर-17 एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करना चाहते हैं।”

सिंगापुर के बाद भारतीय टीम 14 नवंबर को गुआम, 17 नवंबर को फलस्तीन और 20 नवंबर को मेजबान मलेशिया के खिलाफ अपने ग्रुप के शेष मुकाबले खेलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story