एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2026: भारत ने लेबनान को 4-0 से रौंदा, क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के करीब

WhatsApp Channel Join Now
एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2026: भारत ने लेबनान को 4-0 से रौंदा, क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के करीब


सूझोउ (चीन), 08 मई (हि.स.)। एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लेबनान को 4-0 से करारी शिकस्त दी और क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बेहद मजबूत कर लिया। शुक्रवार को खेले गए ग्रुप मुकाबले में भारतीय टीम ने दोनों हाफ में दो-दो गोल दागकर एकतरफा जीत दर्ज की।

भारत की ओर से प्रीतिका बर्मन ने दो गोल किए, जबकि अल्वा देवी सेनजाम और जोया ने एक-एक गोल दागा। इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम का गोल अंतर -1 हो गया है, जो ग्रुप सी की अन्य टीमों फिलीपींस (-13) और चीनी ताइपे (-14) से काफी बेहतर है।

अब भारत की क्वार्टर फाइनल की उम्मीदें फिलीपींस और चीनी ताइपे के मुकाबले पर टिकी हैं। यदि इनमें से कोई भी टीम 12 या उससे अधिक गोल के बड़े अंतर से जीत दर्ज नहीं करती है, तो भारत पहली बार एशियन कप के अंतिम-8 में जगह बना लेगा।

मैच में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। प्रीतिका बर्मन ने सातवें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 36वें मिनट में अल्वा देवी सेनजाम ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा जारी रहा। 72वें मिनट में जोया ने तीसरा गोल दागा, जबकि प्रीतिका बर्मन ने 85वें मिनट में अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी।

यदि भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचती है तो उसका सामना 11 मई को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए चीन से होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story