फीफा विश्व कप 2026 : कोलंबिया ने घाना को हराया, प्री-क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड से होगा सामना

WhatsApp Channel Join Now
फीफा विश्व कप 2026 : कोलंबिया ने घाना को हराया, प्री-क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड से होगा सामना


कैनसस सिटी, 04 जुलाई (हि.स.)।

जोन एरियास के शुरुआती गोल की बदौलत कोलंबिया ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में शनिवार को घाना को 1-0 से हराकर अंतिम-16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में जगह बना ली। इस जीत के साथ कोलंबिया अब 8 जुलाई को वैंकूवर में स्विट्जरलैंड का सामना करेगा।

मुकाबले का एकमात्र गोल 14वें मिनट में जोन एरियास ने किया। उन्होंने लुइस सुआरेज़ के सटीक क्रॉस पर नजदीक से शानदार फिनिश करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। सुआरेज़ मैदान पर घायल जोन कॉर्डोबा की जगह बतौर स्थानापन्न उतरने के कुछ ही क्षण बाद इस गोल की भूमिका निभाने में सफल रहे।

दूसरे हाफ में कोलंबिया ने अपनी बढ़त दोगुनी करने का भी मौका बनाया। 56वें मिनट में लुइस डियाज़ ने गेंद को जाल में पहुंचाया, लेकिन वीडियो सहायक रेफरी (वीएआर) की समीक्षा के बाद उन्हें ऑफसाइड करार दिया गया और गोल रद्द कर दिया गया।

पूरे मुकाबले में कोलंबिया का दबदबा देखने को मिला। हालांकि घाना के गोलकीपर लॉरेंस अती ज़िगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कम से कम तीन बेहतरीन बचाव किए और टीम को बड़े अंतर से हारने से बचाया।

कोलंबिया ने अंत तक अपनी बढ़त बरकरार रखी और जीत के साथ विश्व कप के अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया, जहां उसका मुकाबला स्विट्जरलैंड से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story